रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि वर्ष 2014 में लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा लिया गया ‘स्वच्छ भारत’ का संकल्प आज जन-जन का अभियान बन चुका है। स्वच्छता अब केवल साफ-सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्वस्थ समाज, सम्मानजनक जीवन और बेहतर भविष्य की आधारशिला बन रही है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि स्वच्छता अभियान के व्यापक प्रभाव से समाज में सकारात्मक बदलाव आया है। विशेष रूप से मातृशक्ति की गरिमा, सुरक्षा और सम्मान को नई मजबूती मिली है। स्वच्छ एवं बेहतर स्वच्छता सुविधाओं ने स्वस्थ परिवारों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता की सफलता का सबसे बड़ा आधार जनभागीदारी है। जब प्रत्येक नागरिक स्वच्छता को अपनी जिम्मेदारी समझकर आगे बढ़ता है, तब स्वच्छता एक सरकारी कार्यक्रम न रहकर जनआंदोलन का रूप लेती है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि स्वच्छता, स्वास्थ्य और सुशासन को जनजीवन का अभिन्न हिस्सा बनाते हुए मिलकर स्वच्छ, स्वस्थ एवं विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प लें।
उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास, जागरूकता और जिम्मेदार नागरिक सहभागिता के माध्यम से छत्तीसगढ़ को स्वच्छता के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक ले जाया जा सकता है। स्वच्छ छत्तीसगढ़ ही स्वस्थ छत्तीसगढ़ और सशक्त छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव है।
