जशपुर, 08 अगस्त 2026। थाना तपकरा अंतर्गत चौकी ऊपर कछार के ग्राम सिंगीबहार में पिता की हत्या के मामले में जशपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे सूरज सिंह (32 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी सूरज सिंह अपने पिता कृष्णा सिंह की झगड़ालू प्रवृत्ति से परेशान था। घटना के दिन दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके दौरान आरोपी ने आवेश में आकर घर में रखे सील-लोढ़ा से अपने पिता के सिर पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल कृष्णा सिंह को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई।
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मृतक का पंचनामा एवं पोस्टमार्टम कराया। मामला थाना तपकरा क्षेत्र का होने के कारण मर्ग डायरी थाना तपकरा भेजी गई, जहां बीएनएस की धारा 103(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस ने 07 अगस्त 2026 को आरोपी सूरज सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने विवाद के दौरान सील-लोढ़ा से पिता के सिर पर वार करने की बात स्वीकार की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त सील-लोढ़ा भी जप्त कर लिया है।
कार्रवाई में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
मामले की विवेचना एवं आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी तपकरा निरीक्षक संदीप कौशिक, चौकी प्रभारी ऊपर कछार सहायक उप निरीक्षक भुनेश्वर भगत, प्रधान आरक्षक अजय कुमार लकड़ा, आरक्षक दिलीप खलखो, सोनू सिंह एवं अमेश पैंकरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
