जशपुरनगर 20 जून 2026/ कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक के उपयोग को बढ़ावा देने तथा महिला किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में संचालित ड्रोन दीदी अभियान के अंतर्गत महिला कृषकों के 5 सदस्यीय एक दल ड्रोन पायलट प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए जशपुर से रायपुर रवाना हुआ। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज कुनकुरी कृषि महाविद्यालय से दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ड्रोन तकनीक कृषि क्षेत्र में नई क्रांति का माध्यम बन रही है। इसके माध्यम से फसलों पर उर्वरक एवं कीटनाशकों का छिड़काव कम समय में अधिक प्रभावी और सटीक ढंग से किया जा सकता है। इससे समय, श्रम और लागत की बचत होने के साथ-साथ कृषि उत्पादन की गुणवत्ता में भी सुधार होता है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने महिला कृषकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार कृषि को आधुनिक तकनीकों से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ड्रोन तकनीक खेती-किसानी को अधिक वैज्ञानिक, प्रभावी और लाभकारी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। ड्रोन दीदी अभियान महिलाओं को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भरता की नई राह भी प्रदान करेगा। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रशिक्षित महिला किसान भविष्य में अपने गांवों और क्षेत्रों में अन्य किसानों को भी आधुनिक कृषि तकनीकों के उपयोग के लिए प्रेरित करेंगी। इससे खेती की लागत कम होगी, उत्पादन क्षमता बढ़ेगी और किसानों की आय में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना ग्रामीण विकास और विकसित कृषि की परिकल्पना पूरी नहीं हो सकती।
महिलाओं को मिलेगा तकनीकी प्रशिक्षण और स्वरोजगार का अवसर –
ड्रोन दीदी अभियान के तहत महिला किसानों को आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। इससे वे कृषि कार्यों में दक्ष बनने के साथ-साथ स्वरोजगार के नए अवसर भी प्राप्त कर सकेंगी। प्रशिक्षण के दौरान महिला कृषकों को ड्रोन संचालन, रखरखाव, सुरक्षा मानकों तथा कृषि कार्यों में ड्रोन के उपयोग की व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद ये महिलाएं अपने-अपने क्षेत्रों में अन्य किसानों को भी तकनीक आधारित खेती अपनाने के लिए प्रेरित करेंगी। इससे कृषि में आधुनिक तकनीकों के प्रसार को बढ़ावा मिलेगा और ग्रामीण क्षेत्रों में नवाचार आधारित खेती को नई दिशा मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि ड्रोन दीदी अभियान महिला सशक्तिकरण, आधुनिक कृषि और ग्रामीण आजीविका संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। यह अभियान ‘तकनीक से सशक्त महिला, समृद्ध किसान और विकसित कृषि’ के लक्ष्य को साकार करने में सहायक सिद्ध होगा।
