अंबिकापुर। सरगुजा पुलिस को नशे के विरूद्ध चलाए जा रहे नवा बिहान अभियान के क्रम में बड़ी सफलता मिली है। शुष्क दिवस पर मध्यप्रदेश से लाई गई अवैध शराब की बिक्री करने ग्राहक के इंतजार में लगे युवक को कोतवाली पुलिस ने 38.890 लीटर शराब के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज अजय यादव व पुलिस अधीक्षक सरगुजा भावना गुप्ता ने नशा उन्मूलन के तहत चलाए गए विशेष अभियान नवा बिहान के तहत सभी थाना, चौकी प्रभारियों को शराब, गांजा सहित अन्य उत्तेजक मादक पदार्थों की अवैध विक्रेताओं पर नजर रखने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला एवं नगर पुलिस अधीक्षक अखिलेश कौशक के नेतृत्व में पुलिस टीम शहर में चल रहे धार्मिक व मटकी फोड़ आयोजन की निगरानी में लगी थी। इसी क्रम में कोतवाली के उप निरीक्षक राम नरेश गुप्ता को मुखबिर से सूचना मिली कि गुदरी बाजार निवासी रसप्रीत सिंह अपने घर में अंग्रेजी शराब रखकर बिक्री कर रहा है। पुलिस उक्त युवक पर निगरानी रखते घर तक पहुंची और दबिश देकर आरोपित के कब्जे से अलग-अलग कंपनियों की अवैध अंग्रेजी शराब एवं बियर कुल 38.890 लीटर, कीमत 22 हजार 574 रुपये जब्त किया है। आरोपित के विरूद्ध पुलिस ने धारा 34(2) आबकारी एक्ट कायम किया है। आरोपित को न्यायिक रिमांड पर पुलिस ने भेज दिया है। कार्रवाई में उपनिरीक्षक राम नरेश गुप्ता, सहायक उपनिरीक्षक नवल किशोर दुबे, आरक्षक अतुल सिंह, सीनू फिरदौसी सहित पुलिस टीम सक्रिस रही।
शुष्क दिवस में अधिक लाभ कमाने की मंशा
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर शासन द्वारा शुष्क दिवस घोषित किया गया था। इस दिन शासकीय देशी-विदेशी मदिरा दुकानें बंद रही। ऐसे में अवैध शराब विक्रेता अधिक दाम पर शराब बिक्री करने की नीयत रखकर अधिकाधिक शराब संग्रहित करके रखे थे। पुलिस की नजर भी ऐसे शराब विक्रेताओं पर थी। पुलिस की पकड़ में आया आरोपित काफी दिनों से अवैध कारोबार में लगा बताया जा रहा है। पुलिस को आरोपित के पास कार्टून में बिक्री के लिए रखा पांच बोतल अंग्रेजी शराब, 40 पाव रायल स्टेग, 13 पाव गोवा, 20 केन व 24 बोतल बियर मिला।
अवैध शराब विक्रेता से पुलिस ने 39 लीटर अंग्रेजी शराब, बियर जब्त किया कोतवाली पुलिस ने गश्त के दौरान गुदरी बाजार में दी दबिश

Leave a reply