प्रतापपुर। सूरजपुर जिले में पुलिस विभाग के द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के फलस्वरूप पुलिस को प्रतापपुर सीमा क्षेत्र में उत्तर प्रदेश से कफ सीरप की खेप लेकर पहुंचे दो लोगों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में भेज दिया है।
पुलिस को 16 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली कि बनारस उत्तर प्रदेश से स्कूटी क्रमांक सीजी 15 डीवी 2872 में दो व्यक्ति ओनेक्स कफ सीरप लेकर सूरजपुर की ओर जा रहे हैं। इसकी सूचना पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू को थाना प्रभारी ने दी। उनके निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी प्रतापपुर अमोलक सिंह ढिल्लो के मार्गदर्शन में पुलिस अंबिकापुर-बनारस मार्ग के पोड़ी मोड़ में नाकाबंदी की और आरोपित एजाज उर्फ अनु एवं संतोषी गुप्ता के कब्जे से कुल 80 नग कफ सिरप 100 एमएल, कीमत 12 हजार रुपये जब्त किया। आरोपितों के पास से एक स्कूटी कीमत लगभग 50 हजार रुपये पुलिस जब्त की है। आरोपितों के विरूद्ध पुलिस ने धारा 21(सी) एनडीपीएस एक्ट कायम किया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मण सिंह, उप निरीक्षक नवल किशोर दुबे, राजेश तिवारी, प्रधान आरक्षक राजेश यादव, आरक्षक इंद्रजीत सिंह, अरविंद पांडेय, अवधेश कुशवाहा, प्रवीण सिंह, महिला आरक्षक हेमकुमारी सिंह सक्रिय रहे।
उत्तर प्रदेश से खपाने लाए थे कफ सीरप, दो गिरफ्तार प्रतापपुर पुलिस ने नाकाबंदी कर पोड़ी मोड़ में आरोपितों को कब्जे में लिया

Leave a reply