कुसमी। बलरामपुर जिले के कुसमी में हृदयस्थल पर संचालित बेल स्टार माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कार्यालय में घुसकर यहां कार्यरत युवती पर अज्ञात व्यक्ति ने चाकू से कई बार वार किया, जिसमें वह लहूलुहान हो गई। युवती को बेहोशी की हालत में कुसमी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, यहां से प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया गया है। मामले की जानकारी मिलने पर कुसमी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस जांच प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए आरोपित की खोजबीन में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक शिव चौक के पास किराए के मकान में गुप्ता स्टूडियो के ऊपरी तल में स्थित बेल स्टार माइक्रो फाइनेंस कंपनी कार्यालय में कुसमी से लगे ग्राम कंजिया की सरिता एक्का पिता स्व.संतोष एक्का काम करती है। बुधवार को दोपहर करीब 12:30 बजे अज्ञात युवक कार्यालय में पहुंचा और युवती के सिर व कान के हिस्से में कई बार चाकू से वार कर दिया, जिससे युवती खून से लथपथ होकर बेहोश हो गई। घटना के समय कार्यालय में और कर्मचारी नहीं थे, वहीं अज्ञात आरोपित घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गया था। कुछ देर बाद इसी कंपनी में कार्यरत कर्मचारी राजेंद्र यादव पहुंचा, तो उसने देखा कि सहकर्मी सरिता कार्यालय के पास बेहोश पड़ी है। इसकी सूचना आस-पास के लोगों को देने के बाद उसे तत्काल स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लाया गया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर चोट को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर के लिए रेफर कर दिया गया।
झारखंड के युवक पर संदेह
घायल सरिता के स्वजन अस्पताल पहुंचे, उनका कहना था कि झारखंड के एक युवक पर संदेह जाहिर किया गया है, जो वर्तमान में रामानुजगंज के पास रहता है। स्वजनों के अनुसार आठ अगस्त को उक्त युवक उनके कंजिया स्थित घर में आया था, बाद में अपने घर चला गया था। संदेह है कि उसी ने घटना को अंजाम दिया होगा। इस सत्यता का पर्दाफास घायल युवती के होश में आने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल वह इस संबंध में कुछ बता पाने की स्थिति में नहीं है।
दिनदहाड़े हुई घटना से सहमे लोग
दिनदहाड़े कार्यालय में घुसकर हुई चाकूबाजी की घटना के प्रकाश में आने से नगरवासी सहमे हुए हैं। लोगों का कहना है कि ऐसी वारदात को पहली बार किसी ने अंजाम दिया है। कुसमी पुलिस अज्ञात के विरूद्ध मामला पंजीबद्ध करते हुए आरोपित की तलाश में जुट गई है। पुलिस घटना स्थल पहुंचकर कार्यालय में लगे सीसीटीवी के फुटेज को भी देखी है। यहां के कर्मचारियों से भी पूछताछ कर आरोपित तक पहुंचने के प्रयास में पुलिस लगी है।
तहसीलदार व थाना प्रभारी पहुंचे अस्पताल
नगर में दिनदहाड़े चाकू से युवती पर ताबड़तोड़ हमले की सूचना मिलने पर कुसमी थाना प्रभारी रमेश मरकाम व तहसीलदार उमा सिंह पैकरा भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। युवती को होश नहीं आने के कारण उससे बातचीत तो संभव नहीं हो सकी, लेकिन वे कंपनी के कर्मचारियों सहित स्वजनों से बातचीत कर आरोपित का सुराग हासिल करने में लगे थे।
कार्यालय में घुसकर युवती को दिन-दिहाड़े अज्ञात व्यक्ति ने चाकू से लहूलुहान किया निजी कंपनी के कार्यालय में हुई वारदात से सहमे लोग, युवती को बेहोशी की हालत में देखा सहकर्मी ने

Leave a reply