राजपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान व प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी राजपुर ने शुक्रवार को देश भर में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, जीएसटी को लेकर धरना-प्रदर्शन किया और अपनी गिरफ्तारी दी। इस दौरान जिला अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी ने कहा कि देश भर में महंगाई जिस तरह से बढ़ रही है उससे देश की अर्थव्यवस्था पूरी तरह से खस्ताहाल हो गई है। वर्तमान परिस्थितियों को देश में जिस ढंग से निर्मित किया गया है, उससे लगता है कि देश में प्रजातंत्र समाप्त होने की ओर है। प्रवर्तन निदेशालय जैसी एजेंसियों का राज चल रहा है, जो मोदी के पक्ष में बात नहीं करता, उसकी जेल जाने की नौबत बन सकती है।
जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुनील सिंह ने कहा सरकार ने दूध, दही जैसी चीजों पर टैक्स लगाकर जीना मुहाल कर दिया है। पेट्रोल-डीजल के दाम आसमान छू रहे हैं। सरकार दस-पांच पैसे पेट्रोलियम पदार्थ का कम करती है और रुपये, दो रुपये बढ़ाकर जनता को आम की गुठली की तरह चूस रही है। मोदी सरकार विरोधियों को खत्म करना चाहती है इसलिए तमाम उन लोगों के खिलाफ षड्यंत्र रच प्रवर्तन निदेशालय जैसी एजेंसियों का उपयोग करके विपक्षियों को डराने की कोशिश की जा रही है ताकि विपक्ष गलत कामों पर भी मोदी सरकार की वाहवाही करे। उन्होंने कहा कि यह सरकार अपने मित्रों के लाभ के लिए केंद्र की लाभकारी संस्थानों को कौडिय़ों के मोल बेच रही है और पूंजीपति मित्रों को लाभ पहुंचा रही है। इस दौरान उपस्थित कांग्रेसियों ने अपनी गिरफ्तारी दी, बाद में उन्हें नि:र्शत छोड़ा गया। इस दौरान कांग्रेसियों ने जमकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। धरना-प्रदर्शन व गिरफ्तारी के कार्यक्रम में वक्ताओं के अलावा डॉ.बीएन द्विवेदी, सत्येंद्र पांडेय, रामबिहारी यादव, सुरेश सोनी, लालसाय मिंज, पूरनचंद जयसवाल, रामनारायण जयसवाल, विकास अंबष्ट, विकास बंसल, विद्यानंद दुबे, सुनील भगत, प्रमोद ठाकुर, सुदामा राजवाड़े, दयासागर सिंह, बृजेश मिश्रा, सुरेश पन्ना, ललन यादव, सुनील केरकेट्टा सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित थे।
महंगाई-बेरोजगारी के खिलाफ धरना देकर कांग्रेसियों ने दी गिरफ्तारी कहा-प्रवर्तन निदेशालय जैसी एजेंसियों का देश में राज चल रहा, मोदी के पक्ष में बात नहीं करने पर जेल जाने की बन रही नौबत

Leave a reply