samvaad
छत्तीसगढ़

पूछताछ में संदिग्ध निकले वाहन चोर, दो मोटरसाइकिल बरामद सरगुजा पुलिस अर्पण-एक उम्मीद अभियान के तहत मालिकों को सुपुर्द करेगी जब्त मोटरसाइकिल


अंबिकापुर। सरगुजा पुलिस को वाहन चोरी के मामलों में लगातार कार्रवाई के फलस्वरूप दो वाहन चोरों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। इनके कब्जे से पुलिस ने दो मोटरसाइकिल बरामद किया है। पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज अजय कुमार यादव व पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के मार्गदर्शन में सरगुजा पुलिस की अभिनव पहल अर्पण-एक उम्मीद अभियान के तहत 14 अगस्त को उक्त वाहन मालिकों को सुपुर्द किए जाएंगे।
सरगुजा जिले में सिलसिलेवार होती वाहन चोरी की घटनाओं को लेकर गंभीर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक व पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना, चौकी प्रभारियों को चोरों की पतासाजी के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला, नगर पुलिस अधीक्षक अखिलेश कौशिक के नेतृत्व में थाना प्रभारी बतौली उप निरीक्षक प्रमोद पांडेय ने मुखबिरों को वाहन चोरों पर नजर रखने सतर्क किया है। तीन अगस्त को थाना प्रभारी को मुखबिर से सूचना मिली कि दो संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल के साथ बतौली चौक के आस-पास देखे गए हैं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और संदेहियों पर नजर रखी थी। गतिविधि संदिग्ध लगने पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों मोटरसाइकिल सवारों से पूछताछ की तो उन्होंने अपना नाम दीपक प्रजापति एवं करमदेव घसिया निवासी लुंड्रा का होना बताया। इनसे मोटरसाइकिल के वैध दस्तावेज की मांग की गई, तो वे वाहन से संबंधित कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाए। दोनों को हिरासत में लेकर पुलिस थाने लाई और पूछताछ की तो उन्होंने मोटरसाइकिल चोरी का होना बताया। आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में भेजा गया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी के साथ प्रधान आरक्षक देवशरण सिंह, आरक्षक अशोक भगत, पंकज कुमार, राजेश खलखो व बतौली पुलिस टीम सक्रिय रही।

Leave a Reply