अंबिकापुर। सरगुजा जिले के लुंड्रा थाना अंतर्गत कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय छात्रावास में हिम्मत कार्यक्रम का समापन किया। प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सरगुजा प्रवास के दौरान हिम्मत कार्यक्रम की प्रशिक्षित बालिकाओं की हौसला आफजाई की गई थी। पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज अजय कुमार यादव के मार्गदर्शन में सरगुजा जिले की तर्ज पर संभाग के सभी जिलों में हिम्मत कार्यक्रम प्रारंभ करने के दिशा-निर्देश दिए गए थे। शासन के निर्देशानुसार महिलाओं व बालिकाओं के लिए भयमुक्त वातावरण निर्मित करने एवं आत्मरक्षा के गुण विकसित करने के उद्देश्य से पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में हिम्मत कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया है। इसी तारतम्य में कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय छात्रावास लुंड्रा में हिम्मत कार्यक्रम 12 जुलाई को प्रारंभ किया गया था, जिसका समापन तीन अगस्त को क्षेत्र के विधायक व सीजीएमएससी के अध्यक्ष डॉ.प्रीतम राम के मुख्य आतिथ्य एवं पुलिस अधीक्षक सरगुजा भावना गुप्ता की अध्यक्षता में लगभग 200 बालिकाओं को ताइक्वांडो एवं मार्शल आर्ट के माध्यम से प्रशिक्षित कर प्रमाण पत्र प्रदान कर किया गया। हिम्मत कार्यक्रम की अगली कड़ी में सीतापुर थाना क्षेत्र में प्रशिक्षण का आयोजन किया जाएगा।
समापन के मौके पर पुलिस अधीक्षक ने अपने उद्बोधन में महिलाओं और बालिकाओं के बीच वर्तमान परिस्थितियों के बीच बनी चुनौती की स्थिति पर प्रकाश डालते हुए प्रशिक्षण के लाभ से अवगत कराया एवं जिले के सभी जनपदों में हिम्मत कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षण प्रदान कर चुनिंदा प्रशिक्षित बालिकाओं को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर समस्त सुविधाएं उपलब्ध करा प्रतिस्पर्धा में भाग लेने एवं ताइक्वांडो, मार्शल आर्ट के प्रशिक्षण की व्यवस्था की जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक ने हिम्मत कार्यक्रम की उपलब्धियों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री छग शासन ने सरगुजा प्रवास के दौरान कार्यक्रम के माध्यम से प्रशिक्षित बालिकाओं को आशीर्वचन प्रदान कर प्रोत्साहित किया है। क्षेत्र के विधायक डॉ.प्रीतम राम ने हिम्मत कार्यक्रम के आयोजन हेतु सरगुजा पुलिस व पुलिस अधीक्षक सरगुजा भावना गुप्ता एवं प्रशिक्षण दल के सदस्यों की सराहना की और कहा कि इस प्रकार के आयोजन से बालिकाओं में आत्मरक्षा के गुण के साथ वर्तमान परिस्थितियों की विभिन्न चुनौती हेतु आत्मविश्वास व नई शक्ति का संचार होगा, हिम्मत कार्यक्रम के माध्यम से राज्य को प्रशिक्षित खिलाड़ी प्राप्त होंगे जो राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र एवं राज्य का नाम गौरवान्वित करेंगे। विधायक डॉ.प्रीतम राम ने पुलिस अधीक्षक को हिम्मत कार्यक्रम के सफल संचालन एवं भविष्य में भी निरंतर ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने हेतु शुभकामनाएं दी।
कार्यक्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी देव कुमार गुप्ता, प्रशिक्षु पुलिस अधीक्षक डॉ.प्रशांत देवांगन, थाना प्रभारी लुंड्रा उप निरीक्षक ओम प्रकाश यादव, रश्मि सिंह, अनीता आयाम, त्वाइकांडो प्रशिक्षक राधेश्याम मानिकपुरी, जनपद पंचायत के जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ नागरिक व थाना लुंड्रा के समस्त अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
बालिकाओं में आत्मरक्षा के गुण के साथ आत्मविश्वास का संचार करेगा हिम्मत कार्यक्रम-डॉ.प्रीतम राम लुंड्रा ब्लाक के कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय छात्रावास में प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन

Leave a reply