samvaad
छत्तीसगढ़

भटगांव पुलिस ने तीन क्विंटल चोरी के कबाड़ सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया सीएचपी खदान भटगांव से कबाड़ की हुई थी चोरी


जरही। सूरजपुर जिले के भटगांव थाना अंतर्गत पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर पिकअप एवं दो पेंथर मोटरसाइकिल में सीएचपी खदान भटगांव से चोरी किए गए लोहे का कबाड़ अंबिकापुर ले जाते वक्त जब्त किया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में भेजा है। जब्त कबाड़ तीन क्विंटल बताया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू ने अवैध कबाड़-कोयला सहित अन्य कारोबार पर अंकुश लगाने के निर्देश थाना-चौकी प्रभारियों को दिए हैं, इसके पालन में पुलिस की नजर अवैध कारोबारियों पर है। इसी क्रम में एसडीओपी प्रतापपुर अमोलक सिंह के मार्गदर्शन में थाना भटगांव की पुलिस घेराबंदी कर पिकअप एवं 2 पेंथर मोटरसाइकिल सवारों को रोककर पूछताछ की और संदिग्ध सामानों की तलाशी ली तो पिकअप वाहन क्रमांक यूपी 64 एटी 6063 में सवार पप्पू निशाद पिता श्याम सुंदर 35 वर्ष, रवि राजवाड़े पिता बेचूराम 24 वर्ष निवासी बाजारपारा भटगांव, पेंथर बाइक चालक मुनचुन उर्फ मुन्ना पिता श्याम सुंदर निशांत 22 वर्ष व बिना नंबर की पेंथर के चालक सागर विश्वकर्मा पिता जगरनाथ 19 वर्ष निवासी बाजारपारा भटगांव के पास कबाड़ मिला। इनके पास कबाड़ खरीद-बिक्री से संबंधित किसी प्रकार का दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस पूछताछ की तो आरोपितों ने बताया कि वे सीएचपी खदान भटगांव से लोहे का कबाड़ चोरी कर बिक्री करने ले जा रहे थे। कबाड़ चोरी का होने पर धारा 41(1-4), 379 भादंसं के तहत कार्रवाई कर पिकअप वाहन व पेंथर मोटरसाइकिलों के अलावा तीन क्विंटल कबाड़ जब्त किया गया है। कबाड़ की कीमत 30 हजार रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई में थाना प्रभारी भटगांव शरद चन्द्रा, एसआइ बृजमोहन गुप्ता, एएसआई गुरू प्रसाद यादव, आरक्षक मनोज जायसवाल, रामचंद सिंह, रजनीश पटेल, भोला राजवाड़े, जगत पैंकरा, ताराचंद यादव, हेमन्त सिंह व कैलाश यादव सक्रिय रहे।

Leave a Reply