अंबिकापुर। कलेक्टर कुंदन कुमार के मार्गदर्शन में शत-प्रतिशत कोविड टीकाकरण महाभियान के प्रति लोगों को जागरूक करने सोमवार को जनजागरुकता रैली निकली। रैली पुलिस लाइन शिव गौरी मंदिर से गांधी चौक तक निकाली गई। नुक्कड़ नाटक के द्वारा कोविड टीका लगवाने का संदेश दिया गया। नुक्कड़ नाटक में भगवान शिव, माता पार्वती व नारद मुनि का वेश धारण कर महाविद्यालयीन छात्रों ने कोविड टीका की महत्ता पर प्रस्तुति दी। रैली में डीपीएम डॉ.पुष्पेंद्र राम, सीपीएम डॉ.अमीन फिरदौसी, यूनिसेफ की जिला समन्वयक ममता चौहान सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, इंजीनियरिंग महाविद्यालय के स्वयंसेवक, पॉलिटेक्निक महाविद्यालय के कार्यक्रम अधिकारी व स्वयं सेवक, मितानिनों, समाज सेविका सहित विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
शत-प्रतिशत टीकाकरण महाभियान आज
कोविड संक्रमण से बचाव हेतु कोविड के प्रथम एवं द्वितीय डोज सहित एहतियाती डोज लगवाने के लिए 27 जुलाई को कलेक्टर कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में शत-प्रतिशत टीकाकरण महाभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत करीब 80 हजार लोगों को टीका लगवाने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान के लिए जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा तैयारी पूरी कर ली गई है। कलेक्टर कुंदन कुमार ने टीकाकरण के लिए शेष लोगों को टीका लगवाने तथा अभियान में सबके सहभागिता की अपील की है।
टीकाकरण के लिए 8.23 लाख 736 का लक्ष्य
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.पीएस सिसोदिया ने बताया 27 जुलाई को आयोजित टीकाकरण महाभियान में जिला मुख्यालय सहित सभी जनपदों के सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में टीकाकरण किया जाएगा। बताया गया कि जिले में कोविड टीकाकरण के लिए 8 लाख 23 हजार 736 का लक्ष्य है, जिसके विरूद्ध 7 लाख 58 हजार 92 लोगों को दूसरा डोज लग चुका है। 95 प्रतिशत तक टीकाकरण लक्ष्य पूरी कर ली गई है, जो प्रदेश में दूसरा सर्वाधिक है। 18 वर्ष से अधिक उम्र के 1 लाख 53 हजार 449 लोगों को एहतियाती डोज लग चुका है।
टीकाकरण के लिए जागरूकता लाने रैली में भगवान शिव, माता पार्वती व नारद मुनि का वेश धारण कर निकले छात्र नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दिया गया टीका लगवाने का संदेश

Leave a reply