samvaad
छत्तीसगढ़

दिल्ली कूच की ट्रेन और नगाड़े की थाप पर रामविचार नेताम सहित झूम उठे भाजपाई सरगुजा सांसद व मंत्री रेणुका सिंह ने कहा-रेल चलाया है अब प्लेन की बारी है केंद्रीय रेल मंत्री ने अंबिकापुर-निजामुद्दीन ट्रेन को वर्चुअल हरी झंडी दिखाकर रवाना किया


अंबिकापुर। अंबिकापुर रेलवे स्टेशन में गुरूवार को अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन-अंबिकापुर एक्सप्रेस के शुभारंभ को लेकर उत्सवी माहौल रहा। लौह गामिनी पथ से अंबिकापुर रेलवे स्टेशन की ओर पहुंच रही ट्रेन को देखने रेलवे स्टेशन खचाखच भरा था। यात्रियों में अलग ही उत्साह बना था। इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनने सभी आतुर नजर आ रहे थे। मोबाइल फोन में सेल्फी लेने, वीडियो बनाने होड़ मची थी। ट्रेन के पहिए जैसे ही रेलवे स्टेशन में थमे लोग दुल्हन की तरह सजी ट्रेन को करीब से देखने लालायित हो उठे। इस दौरान मंच पर मौजूद सरगुजा सांसद व केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह ने कहा कि रेल चलाया है अब प्लेन की बारी है। मंच पर संसदीय सचिव पारसनाथ राजवाड़े भी मौजूद थे। इसके अलावा इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी नगर निगम के महापौर डॉ.अजय तिर्की के अलावा रेलवे संघर्ष समिति के माध्यम से निरंतर अंबिकापुर से दिल्ली सहित अन्य प्रमुख मार्गों में ट्रेन संचालन के लिए आंदोलन, धरना-प्रदर्शन कर जन-जन में जोश भरने वाले पूर्व विधायक देवेश्वर सिंह, पूर्व राज्यसभा सांसद रामविचार नेताम, वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल सिंह मेजर बने।
मंच पर रेलवे के महाप्रबंधक आलोक शर्मा व डीआरएम आलोक सहाय की मौजूदगी को देखते हुए रेलवे पुलिस का भारी-भरकम अमला यहां डटा था। केंद्रीय रेल एवं संचार मंत्री अश्विनी वैष्णव के द्वारा दिल्ली से वर्चुअल अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन-अंबिकापुर एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने का इंतजार कर रहे थे। प्रात: 9:50 बजे केंद्रीय रेल मंत्री व सरगुजा सांसद सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने जैसी ही हरी झंडी दिखाई ट्रेन दिल्ली के लिए गतिमान हो गई और पूरा कार्यक्रम स्थल भाजपा और भाजयुमो के कार्यकर्ताओं के नारों से गुंजायमान हो उठा। प्लेटफार्म में मौजूद भीड़ ने ट्रेन में दिल्ली के सफर के लिए निकले लोगों का हाथ हिलाकर नारों के बीच अभिवादन किया। अंबिकापुर से दिल्ली के लिए ट्रेन के रवाना होने के बाद भी भाजपा के कार्यकर्ताओं का जोश कम नहीं हुआ, वे अपने वरिष्ठ नेता रामविचार नेताम, स्थानीय नेताओं व आम लोगों के साथ नगाड़े की थाप पर लगभग एक घंटे रेलवे के प्लेटफार्म पर नृत्य करते नजर आए। कुल मिलाकर अंबिकापुर से निजामुद्दीन ट्रेन के शुभारंभ अवसर ने इनमें इतना जोश भर दिया था कि क्या बूढ़ा-क्या जवान, सभी के पग थिरक उठे। साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन अंबिकापुर से दिल्ली के लिए प्रत्येक गुरुवार को प्रात: 7:15 बजे रवाना होगी। इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री भैयालाल राजवाड़े, सिद्धनाथ पैकरा, ललन प्रताप सिंह, रामकृष्ण साहू, बाबूलाल अग्रवाल, ओमप्रकाश जायसवाल, अंबिकेश केशरी, मुकेश तिवारी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और काफी संख्या में सरगुजावासी उपस्थित थे।
वंदे भारत ट्रेन से देश के कोने-कोने को जोड़ेंगे-अश्विनी वैष्णव
केंद्रीय रेल एवं संचार मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कार्यक्रम को वर्चुअल संबोधन की शुरूआत में सांसद व मंत्री रेणुका सिंह के द्वारा अंबिकापुर से दिल्ली तक ट्रेन की शुरुआत के लिए किए गए प्रयास को सराहते हुए उन्हें धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा इसका श्रेय सरगुजावासियों की दृढ़ इच्छा शक्ति और धैर्य को जाता है। जनप्रतिनिधियों के साथ ही कई संगठनों, साहित्यकारों, पत्रकारों, गणमान्य नागरिकों ने ट्रेन का संचालन हो, इसके लिए काफी प्रयास किया है। उन्होंने कहा अब सरगुजा से  झारखंड-कोलकाता रेलवे लाइन शुरू करने की दिशा में जल्द काम शुरू होगा। देश के रेलवे स्टेशनों का पुनर्निर्माण होगा। कुछ स्टेशनों का पुनर्निर्माण कर वल्र्ड क्लास का स्टेशन बनाया गया है। अभी 45 स्टेशनों के पुनर्निर्माण के लिए टेंडर हो गया है जो वल्र्ड क्लास के बनेंगे। भारतीय रेल से जन-जन का जुड़ाव है, अंबिकापुर से चलने वाली ट्रेन साधारण ट्रेन नहीं है बल्कि राजधानी की ट्रेन के समान है, इसमें सारी सुविधाएं रहेंगी। वंदे भारत ट्रेन से देश के कोने-कोने को जोड़ा जाएगा।
सावन के प्रथम दिन वर्षों पुराना सपना पूरा हुआ-रेणुका
केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री रेणुका सिंह ने अंबिकापुर से दिल्ली तक रेल सुविधा की शुरुआत होने पर सरगुजावासियों को बधाई देते हुए कहा कि हम सभी का वर्षांे का सपना पूरा हुआ है। इस ट्रेन का परिचालन लगातार होगा इसमें कोई संशय नहीं है। यहां से पूरी सीट भरकर ट्रेन निकलेगी। उन्होंने कहा कि विश्रामपुर में 1964 में रेलवे की शुरुआत हुई थी, उसके 42 वर्षो बाद 2006 में अंबिकापुर से रेलवे सुविधा शुरू हुई। 1978 में रेल में एक कोच होती थी, जिसका नाम लरंग साय के नाम पर रखा गया था। स्व.लरंग साय ने सरगुजा की जनता के लिए दिल्ली तक ट्रेन की सुविधा उपलब्ध कराई। उन्होंने अंबिकापुर से दिल्ली के लिए जाने वाली ट्रेन में यात्रा के लिए निकले प्रथम यात्रियों के सुखद यात्रा की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि सावन के प्रथम दिन मां महामाया और मां कुदरगढ़ी की कृपा से अंबिकापुर से दिल्ली तक ट्रेन का परिचालन शुरू हो पाया है। उन्होंने इसके लिए कर्मयोगी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का धन्यवाद ज्ञापित किया।
बिश्रामपुर में भी हो ट्रेन का ठहराव-पारसनाथ राजवाड़े
संसदीय सचिव एवं भटगांव विधायक पारसनाथ राजवाड़े ने कहा काफी दिनों से इस ट्रेन का इंतजार सरगुजावासियों को था, जो आज पूरा हुआ। सरगुजा वासियों के काफी संघर्ष व प्रयास के बाद अंचल के लोगों को दिल्ली जाने की सुविधा मिली है। उन्होंने कहा कि पहले सूरजपुर और बैकुण्ठपुर में इस ट्रेन का ठहराव नहीं होने को लेकर निराशा थी, लेकिन इसमें ट्रेन के संचालन के पूर्व सुधार लाया गया, जिससे इन दोनों स्टेशनों में यह ट्रेन रूकेगी। संसदीय सचिव ने कहा विश्रामपुर एक ऐसा रेलवे स्टेशन है जहां से हिंदुस्तान के अनेक राज्य के यात्री आवागमन करते है। इस ट्रेन का ठहराव विश्रामपुर में भी करने की बहुत आवश्यकता है।
ट्रेन में 18 कोच, 330 यात्री हुए रवाना-
अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन ट्रेन में कुल 18 कोच लगाए गए हैं, जिसमें प्रथम दिन अंबिकापुर रेलवे स्टेशन से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार कुल 330 यात्री रवाना हुए। ट्रेन में सवार यात्रियों के साथ टीटी व रेलवे सुरक्षा प्रहरियों में भी रेलवे स्टेशन के बने माहौल के बीच अलग उत्साह देखने को मिल रहा था। अंबिकापुर रेलवे स्टेशन के काउंटर से टिकट की उपलब्धता में किसी प्रकार की यात्रियों को दिक्कत न हो, इसके लिए सख्त दिशानिर्देश दिए गए थे। यहां दोपहर तक एसी सेकेंड क्लास में 13, एसी थर्ड क्लास में 63 व स्लीपर के लिए 254 यात्री दिल्ली की यात्रा के लिए रवाना हुए थे।

Leave a Reply