samvaad
छत्तीसगढ़

राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को बनाए जाने से सर्वसमाज गौरवान्वित पूर्व सांसद कमलभान सिंह, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष उद्धेश्वरी पैकरा ने की पत्रकारों से चर्चा


राजपुर। राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू जनजातीय समाज की अस्मिता की आवाज है, उन्हे राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाए जाने से सर्वसमाज गौरवान्वित महसूस कर रहा है। यह हम सबके लिए गौरव की बात है कि समाज के अंतिम व्यक्ति के सेवाभाव की प्रतीक द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति उम्मीदवार के तौर पर चुनावी समर में है। हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरगामी फैसले का जनजाति गौरव समाज की ओर से स्वागत करते हैं। उक्त बातें राजपुर विश्रामगृह में पत्रकारों से चर्चा के दौरान पूर्व सांसद कमलभान सिंह, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष उद्धेश्वरी पैकरा ने कही।
उन्होंने कहा छत्तीसगढ़ राज्य में 32 प्रतिशत जनजाति समुदाय की आबादी है इसलिए हमारे लिए यह पल सदैव स्मरणीय होगा कि देश की सर्वोच्च लोकतांत्रिक संस्था के प्रमुख के रूप में वह समाज से प्रतिनिधि करने वाली पहली जनजाति महिला होंगी। देश की आजादी के बाद पहली बार इस तरह का फैसला लिया गया है कि जनजाति समुदाय की प्रतिनिधित्व करने वाली द्रौपदी मुर्मू देश की राष्ट्रपति पद की प्रत्याशी बनाई गई हैं। द्रौपदी मुर्मू झारखंड की राज्यपाल भी रही हैं। उनका कार्यकाल अनुकरणीय व प्रेरणादायी रहा है। वे संथाल जनजाति का प्रतिनिधित्व करती हैं। इसके साथ ही उड़ीसा प्रदेश सरकार में मंत्री व संगठन के कई दायित्वों में कार्य करते हुए वे समग्र समाज के हित के लिए सदैव कार्य करती रही हैं। उन्होंने कहा सभी राजनीतिक दलों के सांसद, विधायकों को द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में मतदान कर मजबूत राष्ट्र के निर्माण में अपनी महत्ती भूमिका निभाना चाहिए। वार्ता के दौरान भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ जिला संयोजक प्रवीण अग्रवाल, भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिला अध्यक्ष शिवनाथ जायसवाल, जिला मीडिया सह प्रभारी अनिल तिवारी, नगर पंचायत अध्यक्ष सहदेव लकड़ा, संतोष पांडेय, उदय यादव, गौरव उपाध्याय, राजेश यादव उपस्थित थे।

Leave a Reply