अंबिकापुर। बच्चों को बेहतर शिक्षा मिले, शिक्षकों समय पर स्कूल पहुंचे और स्वच्छ वातावरण में बच्चे शिक्षा ले सकें, इस उद्देश्य को सार्थक करने नवपदस्थ कलेक्टर कुंदन कुमार पदभार संभालने के तीसरे दिन से ही निकल पड़े हैं। उनकी नजर शासकीय स्कूलों में शिक्षा ले रहे बच्चों के शैक्षणिक गुणवत्ता पर है। इसी क्रम में कलेक्टर कुंदन कुमार व जिला पंचायत के सीईओ विनय कुमार लंगेह ने शनिवार को अंबिकापुर जनपद क्षेत्र के स्कूलों का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा तो लिया ही, दोनों अधिकारी स्मार्ट क्लास के विद्यार्थी की तरह बैठ गए और बच्चों को पढ़ाने का तरीका जानने के लिए शिक्षक से कोई विषय पढ़ाने के लिए कहा। इसके बाद कंप्यूटर के शिक्षक ने स्मार्ट क्लास में लगे प्रोजेक्टर के माध्यम से कंप्यूटर के अक्षरों को पढऩे का तरीका बताया।
शिक्षा व्यवस्था सुदृढ़ हो, इसे लेकर कलेक्टर कुंदन कुमार गंभीर हैं, यही कारण है कि जब वे शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मेंड्राकला पहुंचे तो सीईओ विनय कुमार लंगेह के साथ स्मार्ट क्लास का विद्यार्थी बनकर बच्चों को पढ़ाने का तरीका जाना और विद्यालयीन गतिविधियों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्मार्ट क्लास में वेंटिलेशन के लिए सीमेंट की जाली लगाने व शीतल पेयजल के लिए वॉटर कूलर लगाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्कूल की प्राचार्य को इस वर्ष का लक्ष्य निर्धारित करते हुए कहा कि 10वीं व 12 की परीक्षा में कम से कम पांच बच्चों को मेरिट में लाने का प्रयास करें। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण दौरान ध्वस्त किए गए स्कूल के बाउंड्रीवॉल व प्रवेश द्वार को बनवाने के लिए एनएच के अधिकारी को निर्देशित किया, ताकि बच्चे सुरक्षित माहौल में शिक्षा ले सकें। कलेक्टर ने शासकीय प्राथमिक शाला माझापारा में साफ-सफाई की कमी, अव्यवस्थित शौचालय व कक्षा में रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने पर प्रधान पाठक सुधीर शर्मा को कारण बताओ नोटिस जारी करने व बिना अवकाश स्वीकृति के शाला से अनुपस्थित रहने पर शिक्षिका अर्चना श्रीवास्तव व नीति की अनुपस्थित अवधि का वेतन कटौती करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देशित किया कि बेहतर शिक्षा के लिए स्कूल में बेहतर परिवेश बनाने का प्रयास करें। स्कूल में प्रवेश करते ही एक सुखद अनुभूति होनी चाहिए। कलेक्टर ने मझापारा स्कूल परिसर में आसपास के लोगों द्वारा कचरा फेंक कर गंदगी करना पाया। इस प्रधानपाठक पर नाराजगी व्यक्त करते हुए परिसर की साफ-सफाई कराने, बालक-बालिका शौचालय अलग-अलग बनवाने तथा कक्षा में पर्याप्त रोशनी के लिये ट्यूब लाइट लगवाने के निर्देश दिए। राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे होने के कारण सड़क चौड़ीकरण में स्कूल की बाउंड्रीवॉल एनएच द्वारा ढहाई गई है। इस पर नया बाउंड्रीवॉल बनाने व गेट लगवाने के निर्देश एनएच के अधिकारियों को कहा। शुद्ध व शीतल पेयजल की व्यवस्था के लिए वॉटर प्यूरीफायर व वॉटर कूलर लगाने निर्देशित किया। इस दौरान डिप्टी कलेक्टर नीलम टोप्पो, जिला शिक्षा अधिकारी संजय गुहे, डॉ.संजय सिंह, जनपद सीईओ एसएन तिवारी सहित शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारी मौजूद थे।
प्रिंसी पढ़ेगी अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में
कलेक्टर ने माझापारा के प्राथमिक स्कूल के बच्चों से सामान्य ज्ञान से संबंधित प्रश्न पूछे। इसी दौरान कक्षा चौथी की छात्रा प्रिंसी बखला ने अपना परिचय अंग्रेजी में दिया। कई प्रश्नों के जवाब भी दिए। कलेक्टर ने पूछा कि आप पहले कहा पढ़ती थीं। प्रिंसी ने बताया कि एक निजी अंग्रेजी माध्यम स्कूल में पढ़ती थी, लेकिन फीस ज्यादा होने के कारण उसके पालक वहां नहीं पढ़ा सके। कलेक्टर ने प्रिंसी की इच्छा जानकर उसे अंबिकापुर के स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में प्रवेश दिलाने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिए।
लक्ष्मीपुर बनेगा शहर का मॉडल स्कूल
कलेक्टर ने सबसे पहले अंबिकापुर नगर निगम से लगे शासकीय प्राथमिक शाला लक्ष्मीपुर का निरीक्षण किया। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि इस स्कूल को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करें। पूरे स्कूल प्रांगण की साफ-सफाई करा दीवार के चारों ओर क्यारी बनाने, नए झूले व फिसलपट्टी लगाने तथा प्रांगण में रबर पेंट वाला पेवर ब्लॉक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधान पाठक से स्कूल में बच्चों की दर्ज संख्या व शिक्षकों के संख्या की जानकारी ली और समस्याओं के बारे में पूछताछ की। बच्चों की संख्या के हिसाब से कम शिक्षक होने पर जिन स्कूलों में अतिशेष शिक्षक हंै, वहां से दो दिन में तीन शिक्षक पदस्थ करने के निर्देश दिए।
चार घंटे में हुई शिक्षकों की पदस्थापना
कलेक्टर कुंदन कुमार के कड़े निर्देश पर चार घंटे के भीतर जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा प्राथमिक शाला लक्ष्मीपुर में तीन शिक्षकों की पदस्थापना की गई है। जारी आदेशानुसार सहायक शिक्षक एलबी अमृता लकड़ा, सहायक शिक्षक अनिमा मिंज एवं सहायक शिक्षक एलबी गोपाल शुक्ला को प्राथमिक शाला लक्ष्मीपुर में वर्ष 2022-23 के लिए पदस्थ किया गया है। कलेक्टर ने स्कूलों के औचक निरीक्षण दौरान प्राथमिक शाला लक्ष्मीपुर में शिक्षकों की कमी का समाधान करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी को अतिशेष शिक्षक वाले स्कूलों से शिक्षकों की पदस्थापना करने के निर्देश दिए थे।
राष्ट्रीय राजमार्ग का निरीक्षण
कलेक्टर ने अंबिकापुर-उदयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग के नवनिर्मित कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने सैनिक स्कूल के एप्रोच रोड के पास साइनेज लगवाने तथा पुल में ह्यूमिक पाइप डालने के निर्देश दिए। इसी प्रकार लखनपुर तहसील कार्यालय के आगे निर्माणधीन राष्ट्रीय राजमार्ग के पास सड़क के दोनों ओर पीले कलर का ड्रम लगाने व रिफ्लेक्टर शीशा लगवाने, नवापारा मोड़ के पास कुन्नी की तरफ दो जम्बल बनवाने व रिफ्लेक्टर लगवाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे के जितने भी स्कूलों के बाउंड्रीवॉल सड़क निर्माण के लिए ढहाए गए हैं, उन सबका बाउंड्रीवॉल पुन: बनवाएं।
विद्यार्थी की तरह स्मार्ट क्लास में बैठ कलेक्टर ने शिक्षक से कोई विषय पढ़ाने कहा निरीक्षण के दौरान माझापारा स्कूल के प्रधान पाठक को नोटिस व दो शिक्षकों का वेतन रोकने के निर्देश सीईओ के साथ निरीक्षण में निकले कलेक्टर ने कहा-बेहतर शिक्षा के लिए स्कूल में बेहतर परिवेश बनाएं

Leave a reply