राजपुर। नगर के पहाड़ी कोरवा आश्रम, बालिका छात्रावास में बालिकाओं को विधिक जानकारी देने शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्राओं को कानूनी जानकारी देते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रेशमा बैरागी ने कहा कि कठोर अनुशासन से जीवन में वांछित लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। अनुशासन के बगैर जीवन में कुछ भी संभव नहीं है। उन्होंने बालकों के लैंगिक संरक्षण अधिनियम की जानकारी देते हुए गुड टच और बैड टच के बारे में बताया और कहा कि किसी भी तरह की ऐसी घटना जो उन्हें अच्छा ना लगे उसके संबंध में हॉस्टल में हैं तो अधीक्षिका को बताएं। घर में हैं तो अपने मां-पिता को बताएं। किसी भी घटना को छिपाने से भविष्य में बड़ी घटना हो सकती है, जिससे उन्हें अनन्य मानसिक और शारीरिक पीड़ा उठानी पड़ सकती है। उन्होंने कहा ऐसे मामले में बालक-बालिका जो पीडि़त हैं उसे प्रतिकर दिए जाने का प्रावधान है। प्रतिकर उसी पीडि़त को मिलता है जिसने घटना से संबंधित शिकायत अपने नजदीक के थाने में घटना के पश्चात कराई हो। उन्होंने कहा अनुशासन का पालन व समय का ध्यान रखकर करके वे लक्ष्य की ओर अग्रसर हो सकते हैं।
अधिवक्ता संघ के सचिव सुनील सिंह ने कहा समाज में बदलाव का वे एक माध्यम हैं। समाज को उनसे काफी उम्मीदें रहती है। विद्यार्थी चाहें तो समाज में भी क्रांतिकारी बदलाव ला सकते हैं। वे अध्ययन के दौरान जो कुछ सीखते हैं उसे छुट्टियों में अपने गांव के लोगों को जाकर बताएं। उन्हें जो कानूनी जानकारी मिल रही है, उसके संबंध में लोगों को जागरूक करें। उन्होंने छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम, टोनही प्रताडऩा अधिनियम और परीक्षा में अनुचित साधनों के उपयोग के कानून को सहज ढंग से छात्रों को बताया। अधिवक्ता उमेश झा ने कहा अनुशासन से भविष्य निर्माण बेहतर ढंग से हो सकता है, इसलिए जीवन में अनुशासित रहना आवश्यक है। उन्होंने कहा अनुशासन के साथ-साथ जीवन में सदाचार भी जरूरी है। विनम्र व सदाचारी बनने से हम वांछित ऊंचाई को प्राप्त कर सकते हैं। अधिवक्ता शिवानंद दुबे ने कहा कि विद्यार्थी जीवन काफी कठिन है। यहां आप पढऩे आए हैं तो पढ़ाई के साथ-साथ हर तरह की बात जो आपके जीवन में उपयोगी हो उसे सीखना और आत्मसात करना बेहतर होगा। कार्यक्रम का संचालन करते हुए अधिवक्ता जितेंद्र गुप्ता ने कहा विद्यार्थियों को दी गई जानकारी उनके जीवन के लिए काफी उपयोगी साबित होगी। कार्यक्रम में अधिवक्ता रामनारायण जयसवाल, एबीईओ जेआर नागदेव, छात्रावास अधीक्षक जेरमीना कुजूर व अन्य स्टाफ मौजूद रहे।
Leave a reply
