अंबिकापुर। राजमाता देवेंद्र कुमारी सिंहदेव शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध अस्पताल में एक जुलाई को डॉक्टर्स डे के मौके पर चिकित्सकों ने रक्तदान-महादान के संकल्प को साकार किया। इस मौके पर ब्लड बैंक में मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ.रमणेश मूर्ति, अस्पताल अधीक्षक डॉ.लखन सिंह ने रक्तदान कर डॉक्टरों के सेवा व समर्पण के ध्येय को सामने लाया और डॉक्टर्स डे की शुभकामनाएं दी। यह पहला मौका नहीं है जब कोई चिकित्सक या चिकित्सा अधिकारी ने रक्तदान किया हो, कई बार पीडि़तों की जीवनरक्षा के लिए चिकित्सक स्वयं रक्तदान करते आए हैं।
अस्पताल में बीमारों को लेकर पहुंचने वाले स्वजनों के लिए चिकित्सक वास्तव में भगवान का दूसरा रूप होते हैं। गंभीर स्थिति में मरीज के होने के बाद भी स्वजनों की उम्मीद प्राणरक्षा के लिए चिकित्सक पर टिकी रहती है। गंभीर मरीजों की तिल-तिल करके चलती सांसों की कड़ी को जोडऩे का काम चिकित्सक करते हैं। इन सबके बीच किसी के जीवनरक्षा के लिए रक्त की उपयोगिता कितनी अहम है, इसका एहसास कराने उन्होंने डॉक्टर्स डे पर अपने चिकित्सीय दायित्वों के निर्वहन के साथ रक्तदान कर ब्लड बैंक में खून के संयोजन की निरंतरता बनी रहे, इसके लिए मेडिकल के छात्रों व अस्पताल के कर्मचारियों को प्रेरित किया। इस मौके पर पैथोलॉजी विभाग के डॉ.आर्य के पुत्र ने भी रक्तदान किया। डॉक्टर्स डे के मौके पर ब्लड बैंक के एक कक्ष को पूरी तरह से गुब्बारों से सुसज्जित करके रखा गया था ताकि रक्तदान के लिए पहुंचने वाले चिकित्सक व स्टाफ, मेडिकल के छात्र पूरे उत्साह के साथ आकर रक्तदान में सहभागी बनें।
अस्पताल परिसर में किया वृक्षारोपण-
अस्पताल परिसर में पर्यावरणीय दृष्टिकोण से सभी चिकित्सकों एवं एमबीबीएस के विद्यार्थियों ने वृक्षारोपण किया। छात्रों के द्वारा नुक्कड़ नाटक का आयोजन भी किया गया था। इस मौके पर डॉ.आरसी आर्या, डॉ.बीआर सिंह, डॉ.रंजना सिंह आर्या, डॉ.अविनाशी कुजूर, डॉ.विकास पांडेय, डॉ.जगदीश सिंह, अस्पताल की सलाहकार प्रियंका कुरील, डाइटीशियन सुमन सिंह, द्रुपति राज सहित अन्य चिकित्सक, नर्सें व स्टॉफ उपस्थित थे।
रक्तदान कर डॉक्टरों के सेवा-समर्पण के ध्येय को सामने लाया डीन व अधीक्षक ने डॉक्टर्स डे पर रक्तदान की प्रेरणा दी द्वय अधिकारियों ने

Leave a reply