अंबिकापुर। संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय सरगुजा के शैक्षणिक सत्र 2022-23 का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर अशोक सिंह ने किया। कुलपति ने शुक्रवार को विश्वविद्यालय के शिक्षण विभाग का दौरा किया और सभी अध्यापकों से वार्ता की। अध्यापकों की समस्याओं से अवगत हुए और इसके शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया। उन्होंने सभी विषय के अध्यापकों के साथ चर्चा करते हुए शिक्षण कार्य का मार्गदर्शन किया।
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा जारी अकादमिक कैलेंडर-2022-23 के अनुपालन हेतु निर्देश देते हुए कुलपति ने कहा कि प्रवेश एवं शिक्षण कार्य शासन के नियमानुसार सुचारु रूप से संचालित किया जाए। उन्होंने नवीन शिक्षा सत्र-2022-23 की गतिविधियों का संचालन कड़ाई से करने कहा। कुलपति ने सेमेस्टर की संचालित होने वाली सीबीसीएस की परीक्षाओं को निर्बाध रूप से समय-सीमा के अंतर्गत कराने एवं परीक्षा-परिणाम निर्धारित समयावधि में निकालने के सख्त निर्देश दिए, जिससे शिक्षण कार्य प्रभावित न हो। कुलपति की सक्रियता और प्रशासनिक दक्षता के कारण विवि में वेतन प्राप्ति में विलंब की बनी हुई समस्या को निर्मूल करते हुए पूर्व की भांति विवि के 133 नियमित (अध्यापक-अधिकारियों), दैनिक वेतन भोगी और मानदेय कर्मचारियों को एक जुलाई को वेतन मिल गया। कुलपति ने कुलसचिव विनोद कुमार एक्का को भी निर्देश दिया कि कोई भी शैक्षणिक व प्रशासनिक कार्य विलंबित न हो। समय से सभी कार्य नियमानुसार शीघ्र संपादित किया जाए। उन्होंने विश्वविद्यालय शिक्षण विभाग में अध्यापनरत सभी शिक्षकों के सातवें वेतनमान की बकाया राशि, पीएचडी व वेतन वृद्धि की राशि के साथ समस्त अध्यापकों की लंबित चरित्रावली को शीघ्रातिशीघ्र पूर्ण करने का भी निर्देश दिया। प्रथम दिवस विश्वविद्यालय शिक्षण विभाग के अध्यापक, प्रतिनिधिमंडल ने नए सत्र में कुलपति प्रोफेसर अशोक सिंह का अभिनंदन किया। कुलपति ने सभी शिक्षक व कर्मचारियों को नए सत्र की शुभकामनाएं दी। अध्यापक प्रतिनिधिमंडल ने कुलसचिव विनोद कुमार एक्का से नवीन सत्र में विश्वविद्यालय शिक्षण विभाग के अध्यापकों के सातवें वेतनमान की बकाया राशि, पीएचडी वेतन वृद्धि, प्रोन्नति वेतन वृद्धि की बकाया राशि प्रदान करने का आग्रह किया। इस अवसर पर जनसंपर्क अधिकारी डॉ.राजकुमार उपाध्याय ‘मणिÓ, आनंद कुमार, डॉ.सुषमा केरकेट्टा, डॉ.अर्नव बनर्जी, समननारायण उपाध्याय, असीम केरकेट्टा, डॉ.मनोज झारिया, मुकेश कुमार नाग, डॉ.अमृता कुमारी पंडा उपस्थित थे।
नए शिक्षण सत्र में कोई भी शैक्षणिक व प्रशासनिक कार्य विलंबित न हो विश्वविद्यालय के कुलसचिव सहित अन्य प्राध्यापकों को कुलपति ने कराया आगाह

Leave a reply