samvaad
छत्तीसगढ़

सही शिक्षा नहीं मिलती तो आज मैं कलेक्टर नहीं होता-कुंदन कुमार पदभार ग्रहण करने के दूसरे दिन कलेक्टर हुए पत्रकारों से रूबरू


अंबिकापुर। सरगुजा जिले के नवपदस्थ कलेक्टर कुंदन कुमार ने शुक्रवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि बच्चों को अच्छी शिक्षा और आमजनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिले, इसके लिए वे सदैव प्रयासरत रहेंगे। उनके अधिकार क्षेत्र में आने वाले सभी विभागों के कार्यों की समीक्षा की जाएगी व आड़े आने वाली समस्याओं को दूर किया जाएगा। उन्होंने कहा शासन की योजनाओं का लाभ धरातल पर अधिक से अधिक लोगों को मिले, किसानों को खाद-बीज की दिक्कत न हो, इस पर भी उनका ध्यान रहेगा।
बता दें कि कुंदन कुमार 2014 बैच के आइएएस हैं। इसके पहले वे सरगुजा संभाग के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में कलेक्टर के पद पर पदस्थ थे। गुरूवार को ही उन्होंने पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कलेक्टोरेट के कंपोजिट बिल्डिंग में स्थित विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण करने के साथ राजस्व विभाग को फोकस में लिया है। उन्होंने चर्चा के दौरान स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य और शिक्षा की ओर प्राथमिकता देते हुए ध्यान देने की जरूरत है। कलेक्टर ने कहा शिक्षा से ही किसी का भी मार्ग प्रशस्त हो सकता है। विद्यार्थियों के भविष्य की नींव को मजबूत करने की कड़ी शिक्षक हैं। उन्होंने कहा अगरसही शिक्षक और शिक्षा उन्हें नहीं मिली होती तो वे कलेक्टर नहीं होते। उन्होंने कार्यालय की साफ-सफाई पर भी जोर दिया है और सभी कार्यालय प्रमुखों को पहले दिन ही हिदायत दी है कि जहां उन्हें कार्यालयीन समय बिताना है वहां स्वच्छता बनाए रखें। कलेक्टर कुंदन कुमार ने कहा कि बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में नौ माह काम करने का अवसर मिला, यहां से उनका स्थानांतरण सरगुजा जिले में हुआ है। उनकी मंशा है शासन की योजनाओं का समुचित लाभ सही समय सीमा में मिले। उन्होंने शासन की कई महत्वाकांक्षी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इन योजनाओं का लाभ ज्यादा से ज्यादा लोगों को पहुंचाना उनका लक्ष्य है।  
राजस्व विभाग का चक्कर सामान्य आदमी काट रहे-
कलेक्टर कुंदन कुमार ज्वाइनिंग के बाद ही यह भांप चुके हैं कि यहां का राजस्व विभाग कैसे संचालित हो रहा है। पत्रकारों से चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि यहां भू-माफियाओं का राज है। इनके प्रकरणों का निपटान तो तत्काल हो जाता है लेकिन सामान्य लोग महीनों चक्कर काटने बाध्य हैं। कलेक्टर ने कहा कि जमीन नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा जैसे प्रकरणों को समय-सीमा में पूरा कराने का प्रयास रहेगा। ऐसे काम के लिए लोग उन तक न पहुंचे, इसके लिए राजस्व विभाग पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।   

Leave a Reply