अंबिकापुर। राजस्थान के उदयपुर में दर्जी कन्हैयालाल की तालिबानी तरीके से हत्या के विरोध में विश्व हिंदू परिषद द्वारा आज शनिवार को सरगुजा बंद का आह्वान किया गया है। विहिप ने आगे ऐसी बर्बर घटना होने पर हिंदू समाज के द्वारा उग्र प्रतिरोध करने की चेतावनी भी दी गई है।
शुक्रवार को प्रेस क्लब में पत्रकारों से चर्चा करते हुए विहिप के जिला संयोजक अशोक अग्रवाल ने कहा कि उदयपुर में रहने वाले दर्जी कन्हैयालाल की गौस मोहम्मद व रियाज द्वारा तालिबानी तरीके से गला काट कर हत्या कर दी गई थी व इसके बाद अपना वीडियो बनाकर हिंदू समाज व प्रधानमंत्री को धमकी दी गई थी। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को यदि कानून व सरकार तत्काल सजा देने में सक्षम नहीं है तो उन्हें हमारे हवाले कर दे, हम हत्यारों को सजा देने के लिए तैयार हैं। श्री अग्रवाल ने कहा कि सभ्य समाज में इस प्रकार की घटना का होना किसी प्रकार से स्वीकार्य नहीं होगा। उत्तर प्रदेश में कमलेश तिवारी की हत्या तथा नरसिम्हानंद सरस्वती पर हमला भी ऐसा ही है। विहिप ने मांग की कि ऐसे मदरसों व मस्जिदों की पहचान कर कार्रवाई की जानी चाहिए, जहां से ऐसे जेहादियों को बढ़ावा मिल रहा है और मदरसों को बंद किया जाना चाहिए। विहिप ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर दुबारा ऐसी घटना हुई तो हिंदू समाज भी चुप नहीं बैठेगा। शहर में भी बांग्लादेशी व रोहिंग्या मुसलमानों के होने व शासन-प्रशासन द्वारा इन पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप विहिप ने लगाया है। विहिप के जिला संयोजक ने बताया कि ऐसी घटना के विरोध में विहिप व अन्य हिंदू संगठनों द्वारा एकजुट होकर भारत बंद का आह्वान किया गया है, जिसका विभिन्न सामाजिक व व्यापारी संगठन भी समर्थन कर रहे हैं।
गांधी चौक में भी होगा प्रदर्शन-
उदयपुर की घटना के विरोध में शनिवार की दोपहर एक बजे हिंदू युवा एकता मंच द्वारा भी गांधी चौक पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इस आयोजन में अधिक से अधिक लोगों से शामिल होने का आग्रल किया गया है।
Leave a reply
