samvaad
छत्तीसगढ़

सैकड़ों किसानों से कूटरचना कर छल करने वाले पुलिस गिरफ्त से बाहर शिकायत के बाद स्थानांतरित कलेक्टर हुए रवाना, नए कलेक्टर से कार्रवाई की उम्मीद


अंबिकापुर। सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड अंतर्गत आदिम जाति सेवा सहकारी समिति चांदो के सैकड़ों किसानों से ठगी के मामले में महीनों बाद भी मुख्य आरोपितों को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पाई है। चांदो समिति में किसानों से ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। बीते मंगलवार को सरगुजा कलेक्टर के जनदर्शन में आधा दर्जन से अधिक किसान चांदो समिति के पूर्व प्रबंधक और लखनपुर बैंक मैनेजर के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत करने पहुंचे थे। स्थानांतरित कलेक्टर संजीव कुमार झा ने इन्हें आवश्यक कार्रवाई के लिए आश्वस्त किया था। इस फर्जीवाड़े के बाद किसान धान बीज खरीदने के लिए दर-दर भटक रहे हैं। कलेक्टर के सथानांतरण के बाद नए कलेक्टर इस मामले में कितनी रुचि लेंगे, इसे लेकर भी उनमें पशोपेश की स्थिति बनी हुई है।
लखनपुर ब्लाक अंतर्गत आदिम जाति सेवा सहकारी समिति चांदो के पूर्व सहायक लिपिक संजय राम, पूर्व समिति प्रबंधक सुमित वर्मा और आदिम जाति सेवा सहकारी समिति के पूर्व लखनपुर बैंक मैनेजर कृष्ण कुमार तिवारी की मिलीभगत से समिति के सैकड़ों किसानों की जानकारी बिना उनके दस्तावेज में छेड़छाड़ कर करोड़ों रुपये निकाल लिया गया। इसकी जानकारी किसानों को नए मैनेजर की पदस्थापना के बाद पता चला। नए बैंक मैनेजर के पदभार ग्रहण करने के बाद किसान जब भी कृषि ऋण लेने बैंक पहुंचता तो उन्हें यह जानकारी दी जा रही कि उनके द्वारा पूर्व में लिए गए ऋण का भुगतान नहीं किया गया है। ठगी का अहसास होने पर किसानों ने इसकी शिकायत कलेक्टर से की थी। वहीं कलेक्टर ने तीनों आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए थे, लेकिन महीनों बाद भी पुलिस तीनों आरोपितों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। जनदर्शन में आधा दर्जन से अधिक किसान तीनों आरोपितों के खिलाफ कलेक्टर से शिकायत करने पहुंचे थे। सरगुजा एसपी ने आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है। पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने बताया कि चांदो समिति के मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जांच कर रहे हैं। किसानों ने जिन पर आरोप लगाया है, वे फरार हैं। पुलिस इनकी तलाश कर रही है।

Leave a Reply