अंबिकापुर। खरीफ फसल के सीजन में सरगुजा जिले में खाद और यूरिया की कमी ने किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। किसानों को यूरिया, डीएपी खाद और अन्य उर्वरक नहीं मिल पा रहे हैं। हालांकि प्रदेश के खाद्य मंत्री अमरजीत भगत ने किसानों को खाद की दिक्कत न हो, इसके लिए अधिकारियों से चर्चा कर खाद की जल्द से जल्द उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। बताया जा रहा है कि सरगुजा संभाग के दूरस्थ क्षेत्रों में डीएपी खाद व यूरिया की कमी रैक प्वाइंट से यूरिया, खाद निकलने के बाद भी समितियों में नहीं पहुंच पाने के कारण बनी हुई है। ट्रांस्पोर्टिंग कंपनी भाड़ा अधिक लगने का हवाला देकर जिले के दूरस्थ क्षेत्रों तक परिवहन करने से कतरा रही है, जिससे खाद का स्टॉक होने के बाद भी दूरस्थ क्षेत्र के किसानों को यूरिया, डीएपी खाद व अन्य उर्वरक नहीं मिल पा रहे हंै। वहीं डीएपी की सप्लाई कम होने की वजह से इसका विकल्प खोजने में प्रशासन लगा है।
बारिश शुरू होने के साथ ही किसानों का रूख खेतों की ओर हो जाता है। खरीफ सीजन में धान की खेती के लिए तैयारियां चल रही हैं। इन सबके बीच डीएपी यूरिया व एनपीके खाद की बनी किल्लत सेे किसानों की समस्या बढ़ गई है। सूत्रों का कहना है कि केंद्र से राज्यों की मांग के अनुरूप डीएपी यूरिया की सप्लाई नहीं किए जाने से सभी जिले में इसकी किल्लत बनी हुई है। रैक प्वाइंट से यूरिया, खाद व अन्य उर्वरक को समितियों तक पहुंचाने का कार्य ट्रांस्पोर्टिंग कंपनी करती हैं। बात खाद्य मंत्री के विधानसभा क्षेत्र सीतापुर व सरगुजा सहित अन्य जिले के दूरस्थ क्षेत्र के समितियों की करें तो यहां खाद की कमी बनी हुई है। रोजाना किसान खेती-बाड़ी का काम छोड़कर समिति का चक्कर काटने में लगे हैं। समिति में डीएपी यूरिया नहीं पहुंचने से रोजाना किसानों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है। खाद संकट केंद्र से आने वाले पहले खेप में ही सामने आ रहा है। सरगुजा में 18 हजार टन यूरिया व डीएपी 43 हजार टन की मांग पर महज 3 हजार टन आया है, वहीं सरगुजा में इफको आया ही नहीं है। ऐसे में रासायनिक खाद का संकट लाजिमी है। इन सबके बीच अधिकारी खाद संकट का हल तलाश रहे हैं।
मंत्री ने कहा-खाद की कमी नहीं होने देंगे
फोटो-अमरजीत भगत
खाद्य, नागरिक आपूर्ति व उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अमरजीत भगत ने विधानसभा क्षेत्र सीतापुर सहित अंबिकापुर व सरगुजा क्षेत्र में खाद की कमी को दूर करने के लिए निरंतर अधिकारियों से चर्चा कर रहे हैं। उन्होंने सरगुजा कलेक्टर सहित कृषि विभाग के अधिकारियों से फोन पर बात कर खाद की कमी को यथाशीघ्र दूर करने के लिए निर्देशित किया है। किसानों से बात करने के बाद उनकी समस्या को तुरंत संज्ञान लेते हुए मंत्री अमरजीत भगत ने अधिकारियों से चर्चा की है। किसानों की जरूरत को पूरा करने उन्होंने आवश्यक कदम उठाने कहा है। उन्होंने कहा छत्तीसगढ़ सरकार किसानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। निरंतर किसानों की आय बढ़ाने के लिए सरकार उचित कदम उठा रही है। ऐसे में खाद जैसी आवश्यक वस्तुओं की कमी नहीं होने दी जाएगी।
खेतों की ओर रूख किए किसान खाद और यूरिया के संकट से जूझ रहे सरगुजा में इफको की खेप नहीं पहुंची, डीएपी की कमी बरकरार

Leave a reply