अंबिकापुर। नोटिफिकेशन…डियर कस्टमर योर इलेक्ट्रिकसिटी पावर विल बी डिस्कनेक्टेड टूनाइट एट 6.30 पीएम फ्राम इलेक्ट्रिकसिटी ऑफिस. बीकॉज योर प्रीवियस मंथ विल वाज नाट अपडेट. प्लीज इमीडिएटली कांटेक्ट विथ अवर इलेक्ट्रिकसिटी. 9883195524 थैंक यू…
…ये मजमून है मोबाइल फोन में आने वाले उस फर्जी संदेश का, जिसे पढ़कर आप बिजली बिल अदा करने के बाद भी एक बार इसलिए चौंक जाएंगे क्योंकि संदेश में ऐसे समय में बिजली डिस्कनेक्ट करने का जिक्र किया गया है, जिससे आपको पूरी रात अंधेरे में रहने का भय सताएगा और दिए गए नंबर पर संपर्क करने विवश होंगे। इसके बाद फ्रॉड करने की मंशा रखे लोग बिजली डिस्कनेक्ट न हो, इससे बचने के लिए ऐसी प्रक्रियाओं को बताएंगे, जिससे आपका बैंक खाता निल होने से कोई नहीं रोक सकता। इसलिए ऐसे संदेश आपके मोबाइल फोन में आए तो घबराएं नहीं, धैर्य रखें। हड़बड़ी में इन नंबरों पर संपर्क करना आपको खतरे में डाल सकता है और आप कंगाल हो सकते हैं। शातिरों के द्वारा ऐसे संदेश मोबाइल फोन में आए दिन मोबाइल धारकों को भेजे जा रहे हैं, जिससे सावधान रहने की जरूरत है। इनके द्वारा बिजली उपभोक्ताओं को भ्रमित कर बिजली की सुविधा बरकरार रखने ऑनलाइन पेमेंट की सुविधा के नाम पर ठगी का नया तरीका निकाला गया है। यह संदेश अधिकतर उन मोबाइल धारकों के पास आ रहा है, जो ऑनलाइन बिजली बिल का नियमित भुगतान करते आ रहे हैं। जानकारी के अभाव में बिजली उपभोक्ता बिल की अदायगी होने की सूचना देने अगर दिए गए नंबर पर कॉल कर दे, तो न सिर्फ समय जाया होगा, अपितु वह इनके मकडज़ाल में फंसकर बैठे-ठाले दिमागी तनाव मोल ले लेगा। इसलिए नियमित बिजली बिल का समय पर भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं को ऐसे संदेशों या कॉल से डरने की जरूरत नहीं है। वे आराम से छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी के द्वारा उपलब्ध कराई जा रही बिजली की सेवाओं का लाभ लें। शंका-संदेह का निवारण करना हो तो अगले दिन कार्यालयीन दिवस पर बिजली विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर मिले फर्जी संदेश की पुष्टि कर सकते हैं। अंबिकापुर के एक उपभोक्ता को ऊपर दिया गया संदेश मोबाइल फोन में मिला तो उसने शंका निवारण के लिए विभाग के अधिकारी से संपर्क कर इसकी पुष्टि की, जिस पर उन्होंने प्रत्युत्तर में फ्रॉड बताया।
उपभोक्ता हो चुके हैं ठगी का शिकार-
छत्तीसगढ़ में कुछ बिजली उपभोक्ता मोबाइल में अकस्मात मिले इन संदेशों को पढऩे के बाद बदल-बदलकर दिए जाने वाले नंबरों पर संपर्क करके ठगी का शिकार हो चुके हैं। फ्रॉड करने वालों के द्वारा अधिकारी बन बिजली बिल भुगतान के नाम पर उपभोक्ता से तमाम जानकारियां हासिल कर ली जाती हैं, जिससे उनकी गोपनीय जानकारी लिक होती है और बैंक में उनकी जमा पूंजी को शातिर हासिल कर लेते हैं। इसके बाद उपभोक्ता हाथ मलते रह जाता है। ऐसे हालातों से बचने के लिए शातिर ठगों के द्वारा दिए जाने वाले संदेशों को नजरअंदाज करना हितकर होगा। बिजली विभाग के द्वारा बिजली कनेक्शन विच्छेद करने की सूचना मोबाइल संदेश के माध्यम से नहीं दी जाती है। उपभोक्ता को हर माह बिजली बिल भुगतान के लिए जागरूक करने देयक जरूर मोबाइलों में भेजा जाता है।
डियर कस्टमर योर इलेक्ट्रिकसिटी पावर विल बी डिस्कनेक्टेड टूनाइट एट 6.30 पीएम ऐसे फर्जी संदेश आ रहे मोबाइल में, जिससे पूरी रात अंधेरे में रहने का भय सताएगा संदेश में दिए गए दस अंकों के नंबर पर संपर्क किया तो बैंक एकाउंट हो सकता है खाली

Leave a reply