भैयाथान। विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बसकर के माध्यमिक शाला व प्राथमिक शाला के संयुक्त प्रवेश उत्सव कार्यक्रम में शिक्षक जनप्रतिनिधि,अभिभावकों ने स्कूल पहुंचकर, बच्चों का तिलक अभिनंदन किया और मिठाई खिलाकर उनका स्वागत किया। शाला प्रवेश उत्सव के दौरान बच्चों को पाठ्यपुस्तक और स्कूल ड्रेस का वितरण भी किया गया।
कोरोना काल में करीब दो वर्षों तक स्कूलों में पढ़ाई पूरी तरह से प्रभावित हुई है। बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से दिए गए हैं। दो साल बाद बच्चे भी स्कूल आकर उत्साहित हैं क्योंकि उन्हें क्लास रूम में सीधे शिक्षकों से पढऩे का मौका मिल रहा है। स्कूल में वे नए दोस्तों से मिल सकेंगे। बसकर के प्राथमिक शाला व मिडिल स्कूल में क्रमश: 12 व 22 बच्चे नव प्रवेशी थे, जिनका तिलक लगाकर अतिथियों ने स्वागत किया। इस मौके पर जनपद सदस्य सुनील साहू ने 10 पौधे स्कूल परिसर में अतिथियों के साथ लगाए। जनपद सदस्य सुनील साहू ने कहा कि शिक्षित व्यक्ति ही परिवार, समाज व देश को उन्नति की ओर ले जा सकता है, इसलिए प्रत्येक बच्चे का शिक्षित होना अति आवश्यक है। उन्होंने उपस्थित अभिभावकों से बच्चों को रोजाना स्कूल भेजने की अपील की। साथ ही स्कूलों की निगरानी व सहयोग करने कहा। कार्यक्रम में सरपंच ललिता सिंह, संकुल प्रमुख रामऔतार सेकराज, प्रधान पाठक श्रीकांत द्विवेदी ने भी अपने विचार रखे। मंच संचालन शिवम गोस्वामी व आभार प्रदर्शन कमला कुशवाहा ने किया। इस दौरान जनशिक्षक सुग्रीव कुशवाहा, कुलदीप सिंह, नरेंद्र साहू, काली प्रसाद सिंह सहित रामेश्वर सिंह, बसंत देवांगन, फुलेश्वरी सिंह सहित काफी संख्या में अभिभावक व स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।
स्कूली बच्चों को भेंट किया वॉटर फिल्टर व गिलास
अंबिकापुर निवासी विकास अग्रवाल व्याख्याता व अध्यक्ष अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन सरगुजा ने अपने जन्मदिवस पर बसकर के स्कूली बच्चों को शुद्ध पेयजल आपूर्ति हेतु वाटर फिल्टर व गिलास भेंट किया है। प्रवेश उत्सव कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधि, शिक्षक व स्कूली बच्चों ने आभार व्यक्त करते हुए उन्हें जन्मदिवस की बधाई दी।
Leave a reply
