samvaad
छत्तीसगढ़

स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल का छप्पर मामूली तूफान में उड़ा लाखों के बंदरबांट का लग रहा आरोप


वाड्रफनगर। बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर विकासखंड अंतर्गत बारिश और मामूली तूफान में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल का छप्पर उड़कर गिर गया। स्कूल भवन के अंदर रखे डेक्स, बेंच, फॉल सीलिंग सभी पानी में भीग गए। स्कूल परिसर में पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण विद्यालय परिसर में भी पानी भर गया। एक माह पूर्व ही स्वामी आत्मानंद स्कूल के लिए विद्यालय भवन का कार्य पूर्ण किया गया था। इसके निर्माण में लाखों रुपये के बंदरबांट की बातें सामने आ रही है। विपक्ष ने भी गुणवत्ताहीन कार्य को लेकर आवाज उठाई है। भाजपा नेता व जिला पंचायत सदस्य विनोद जायसवाल ने कहा कि यह विद्यालय लगभग 50 वर्ष पुराना है, जिस पर सरकार ने करोड़ों रुपये खर्च कर गुणवत्ता विहीन कार्य कराया है। यही कारण है कि शुरुआती और हल्की बारिश के बीच आए आंधी तूफान में छप्पर ही ध्वस्त हो गया। उन्होंने कहा कि इसके पहले का खपरपोश भवन ही ज्यादा बेहतर था। शिक्षण सत्र प्रारंभ होने को है। एक जुलाई से बच्चे भी विद्यालय पहुंचने लगेंगे, ऐसी स्थिति में बच्चों की पढ़ाई बाधित होगी। मामले में जिला शिक्षा अधिकारी के.एल.महिलांगे का कहना है कि सारी जानकारी हमारे संज्ञान में आई है। आने वाले एक सप्ताह के अंदर व्यवस्था दुरुस्त कर ली जाएगी। इसके लिए विकासखंड स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित कर दिया गया है। किसी भी प्रकार से शिक्षण सत्र या बच्चों के आगमन के पूर्व सारी व्यवस्थाएं दुरुस्त किए जाएंगे।

Leave a Reply