अंबिकापुर। सरगुजा पुलिस एवं स्वैच्छिक संगठनों तथा स्वैच्छिक कार्यकर्ताओं के संयुक्त तत्वाधान में संचालित नवा बिहान नशामुक्ति जागरूकता अभियान एवं परामर्श केंद्र से जुड़े सदस्यों के साथ सरगुजा पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता की अध्यक्षता एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला के मार्गदर्शन में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। युवा समाज सेवी छत्तीसगढ़ प्रचार एवं विकास संस्थान के सचिव अनिल कुमार मिश्रा द्वारा नवा बिहान नशा मुक्ति अभियान एवं परामर्श केंद्र द्वारा संचालित गतिविधियों का विस्तृत विवरण सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत किया गया। वरिष्ठ समाजसेवी मंगल पांडेय निदेशक चिराग सोशल वेलफेयर सोसायटी ने नवा बिहान नशामुक्ति परामर्श केंद्र की उपलब्धियों की तरफ ध्यान आकृष्ट कराते हुए कहा कि सरगुजा जिला ही नहीं बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ में नवा बिहान नशामुक्ति परामर्श केंद्र के कार्यों की चर्चा की जा रही है। अब स्वयमेव नशा पीडि़त व्यक्ति एवं उनके परिजन काउंसलिंग कराने नवा बिहान नशामुक्ति परामर्श केंद्र में आने लगे हैं। परामर्श के पश्चात् कई लोग नशा छोड़कर समाज की मुख्यधारा में शामिल हो रहे हैं।
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय सरगुजा की प्रमुख ब्रह्मकुमारी विद्या बहन ने काउंसलिंग एवं मेडिटेशन की प्रक्रियाओं के बारे में चर्चा करते हुए कहा कि युवाओं में इसका सकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। गायत्री परिवार से सरस्वती तिवारी एवं अमृता जायसवाल ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से गायत्री परिवार द्वारा किए जा रहे जागरूकता कार्यक्रम के बारे में बताया। नवा बिहान नशामुक्ति अभियान के जागरूकता कार्यक्रम में गायत्री परिवार की टीम नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सहभागिता करने हेतु सहमत है। नवा बिहान नशामुक्ति जागरूकता अभियान एवं परामर्श केंद्र के सूत्रधार एवं मार्गदर्शक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला ने पुराने अनुभवों से सीख लेते हुए रणनीति बनाकर कार्ययोजना तैयार कर बेहतर क्रियान्वयन हेतु सुझाव दिया। समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रही सरगुजा पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने नवा बिहान नशामुक्ति अभियान एवं परामर्श केंद्र के सदस्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि हम सभी मिलकर समाज परिवर्तन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। नशामुक्त समाज निर्माण में सरगुजा पुलिस हरसंभव प्रयास करेगी। निश्चित रूप से समुदाय के बीच पुलिस एवं स्वैच्छिक संगठनों के प्रति सकारात्मक सोच बढ़ेगी। पुलिस अधीक्षक ने नवा बिहान नशामुक्ति जागरूकता अभियान एवं परामर्श केंद्र के कार्यों को दस्तावेजीकरण हेतु आवश्यक एवं बहुमूल्य सुझाव दिया। नवा बिहान नशामुक्ति परामर्श केंद्र में आवश्यक सुविधाओं के विस्तार की भी बात कही गई। समीक्षा बैठक में सौम्या, अनन्या सिंह एवं चिंतामणी राजवाड़े ने भी सहभागिता सुनिश्चित की।
नवा बिहान नशामुक्ति परामर्श केंद्र में काउंसलिंग के लिए पहुंच रहे नशा पीडि़त एवं उनके स्वजन एसपी की अध्यक्षता एवं एएसपी विवेक शुक्ला के मार्गदर्शन में हुई समीक्षा बैठक

Leave a reply