samvaad
छत्तीसगढ़

प्रशासन ने ग्रामसभा स्थगित करने का जारी किया आदेश, इधर पंचायत वासियों की मौजूदगी में हुई ग्रामसभा हसदेव अरण्य के मसले पर ग्रामसभा में लिए गए निर्णय को लेकर बनी पशोपेश की स्थिति


अंबिकापुर। कोल उत्खनन से हसदेव अरण्य क्षेत्र में पहुंचने वाले नुकसान की चिंता में ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन अनवरत चल रहा है। इसी कड़ी में बीते दिन ग्राम घाटबर्रा में हुई ग्राम सभा में खदान का बहिष्कार कर दिया गया। पिछली ग्राम सभा स्थगित होने के बाद आठ जून को ग्रामीणों ने ग्राम सभा कर ली थी। ग्राम सभा में दो कोल परियोजनाओं का बहिष्कार किया गया था।
परसा ईस्ट और केते बासेन कोल परियोजना को लेकर होने वाली जनसुनवाई को प्रशासन की ओर से आगामी आदेश तक के लिए स्थगित किया गया है। प्रशासन ने ऐसा आदेश सात जून को जारी किया, जो अब सामने आया है। पिछली ग्राम सभा स्थगित होने के बाद आठ जून को ग्राम सभा के लिए बनी सहमति के अनुसार निर्धारित तिथि को ग्रामीणों ने ग्राम सभा कर ली थी। ग्राम सभा में दो कोल परियोजना का बहिष्कार किया गया था। ग्राम घाटबर्रा में ग्राम सभा के आयोजन की चर्चा जैसे ही सार्वजनिक हुई, उसके बाद अचानक प्रशासन का एक पत्र सामने आया। इस पत्र में जारी आदेश के अनुसार उदयपुर के ग्राम पंचायत घाटबर्रा में राजस्थान राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड के परसा ईस्ट केते बासेन कोल परियोजना को लेकर आठ जून को आयोजित की गई ग्राम सभा को सात जून को ही स्थगित कर दिया गया है। उक्त आदेश प्रभारी कलेक्टर सरगुजा विनय कुमार लंगेह द्वारा जारी किया गया है।
ऐसे हुआ ग्राम सभा स्थगन का आदेश जारी-
जिला पंचायत के सीईओ और प्रभारी कलेक्टर सरगुजा विनय कुमार लंगेह ने जारी आदेश में कहा कि 28 मई को उदयपुर के घाटबर्रा में राजस्थान राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड के परसा ईस्ट केते बासेन परियोजना के प्रभावित परिवारों का सर्वेक्षण, जनगणना, भूमि अर्जन, पुनर्वास और पुनव्र्यवस्थापन हेतु परामर्श करने के लिए विशेष ग्रामसभा आयोजित करने 25 मई को आदेश जारी किया गया था। उक्त दिनांक को ग्राम सभा आयोजित की गई, गणपूर्ति भी हुआ लेकिन आपसी विवाद के कारण ग्राम सभा स्थगित कर दी गई थी। चार जून को पुन: ग्रामसभा की बैठक आयोजित की गई, लेकिन यह ग्रामसभा भी किसी कारण से नहीं हो पाई। अब 28 मई को ग्रामसभा आयोजित करने को लेकर जारी आदेश स्थगित किया जाता है।
सरपंच जयनंदन सिंह का कहना है-
ग्राम पंचायत घाटबर्रा के सरपंच जयनंदन सिंह का कहना है कि पूर्व में स्थगित ग्राम सभा के बीच यह तय हुआ था कि आठ जून को ग्राम सभा की जानी है। तय कार्यक्रम के अनुसार सभी लोगों ने ग्राम सभा आयोजित की और खदान का बहिष्कार किया। बैठक में प्रशासन की ओर से पंचायत सचिव भी मौजूद थे, प्रस्ताव में उनके भी हस्ताक्षर हैं। उस वक्त तक गांव वालों, सचिव को भी ग्राम सभा स्थगित करने के आदेश की कोई जानकारी नहीं थी। उनका कहना है कि प्रशासन ने क्या आदेश जारी किया उन्हें पता नहीं है।
बयान-
ग्राम सभा हुई है लेकिन उसके पहले ही ग्राम सभा स्थगित करने का आदेश जारी कर दिया गया था। पता नहीं आदेश उन तक कैसे नहीं पहुंचा। ग्रामसभा हुई है कि नहीं इसकी पुष्ट जानकारी अब तक नहीं मिली है, लेकिन पिछले दिनों हुए विरोध व घटनाक्रम के बाद ग्रामसभा को आगामी आदेश तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।
विनय कुमार लंगेह, प्रभारी कलेक्टर

Leave a Reply