अंबिकापुर। आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष कोमल हुपेंडी ने अंबिकापुर के सर्किट हाउस में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान मदनपुर आए राहुल गांधी ने छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार आने पर क्षेत्र में अडानी को पैर नहीं पसारने देने की बात कही थी, ठीक इसके विपरीत हसदेव अरण्य क्षेत्र का विनाश करने छत्तीसगढ़ सरकार तुली है। यहां के जंगलों के विनाश की चर्चा विदेश तक हो रही है, इसे लेकर सवाल उठ रहे हैं, वहीं अडाणी के गोद में बैठी कांग्रेस की भूपेश सरकार को इससे कोई लेना-देना नहीं है। इनके खाने और दिखाने के दांत अलग-अलग हैं। जिस क्षेत्र में हजारों ग्रामीण पुश्तों से निवास कर रहे हैं, उन्हें भयभीत करने के लिए फोर्स का सहारा लिया जा रहा है। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी जंगल की घेराबंदी कर वृक्षों की बली चढ़ा रहे हैं। ऐसे ही मुद्दों को लेकर आम आदमी पार्टी ने अंबिकापुर में कलेक्टोरेट का घेराव कर छग के मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा था। बात नहीं बनी तो हजारों की संख्या में आप के कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा कर मुख्यमंत्री के निवास का घेराव सुरक्षा की बंदिशों को झेलते हुए किया। हुपेंडी ने कहा कि शाम होने के बाद हम फूल तोडऩे से कतराते हैं, लेकिन जनता के पुरजोर विरोध के बावजूद कोयला खनन के लिए आधी रात को पेड़ों की कटाई की जा रही है। अंबिकापुर के कांग्रेस के नेता कह रहे हैं कि पेड़ नहीं कटना चाहिए, इन्हीं की सरकार पेड़ कटवाने पूरी ताकत झोंकने में लगी है। कांग्रेस हो या भाजपा पेड़ों की बली न चढ़े इसके लिए मैदान में उतरकर ग्रामीणों का साथ देने की स्थिति में नहीं है। आम आदमी पार्टी का ध्येय यह नहीं है कि उन्हें हसदेव अरण्य क्षेत्र को बचाने का श्रेय मिले, राज्य में कांग्रेस और केंद्र में भाजपा की सरकार है, मीडिया की सुर्खियों में आने वाले इन पार्टियों के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के दबाव से हसदेव अरण्य क्षेत्र सुरक्षित रह सकता है। उन्होंने कहा कि राजस्थान राज्य विद्युत निगम के आड़ में अडाणी को लाभ पहुंचाने के लिए परसा कोल ब्लाक पर नजर टिकी हुई है। कोल उत्पादन के लिए जंगल काटने से पर्यावरण को बड़ी क्षति पहुंचेगी, आम आदमी पार्टी किसी भी सूरत में पेड़ नहीं कटने देगी। इसके लिए उन्होंने प्रदेश के राज्यपाल तक अपनी आवाज पहुंचाई है, जिस पर उन्होंने जांच का आश्वासन दिया है। जांच कार्रवाई पूरी होने तक पेड़ों की कटाई अनुचित है, पेड़ कटाई बंद करने का राज्य सरकार को आदेश पारित करना चाहिए। इस दौरान आप के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज दुबे, प्रदेश के सह संगठन मंत्री डीपी यादव, प्रदेश सह अध्यक्ष सूरज उपाध्याय, सरगुजा जिला अध्यक्ष कुंज बिहारी पैकरा, जिला सचिव संजय मिश्रा सहित अन्य उपस्थित थे।
सरकार को ग्रामीणों से सीख लेने की जरूरत-
आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा फर्जी ग्रामसभा के लगे आरोपों की जांच पूरी नहीं हुई और पुलिस व प्रशासन के पहरे में पेड़ों की कटाई शुरू कर दी गई। ग्रामीणों का जंगल क्षेत्र में प्रवेश न हो, इसके लिए पूरी व्यवस्था की गई थी लेकिन क्षेत्र के ग्रामीण, महिला-पुरूष, बच्चे जागरूक हैं। यहां के बुजुर्ग तक वन संपदा को बचाना चाहते हैं। इन बच्चों और बुजुर्गों से सरकार को सीख लेने की जरूरत है कि उन्हें प्रकृति से कितना लगाव है। वन, खनिज संसाधन व जनजीवन की सुरक्षा का ख्याल सरकार को नहीं है। इसके लिए हर वर्ग व संप्रदाय को आगे आने की जरूरत है, ताकि हसदेव अरण्य से ऑक्सीजन लोगों को मिल सके।
आखिर क्या मजूबरी है भूपेश सरकार की-
आम आदमी पार्टी के प्रदेश सह अध्यक्ष सूरज उपाध्याय ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान सवाल उठाया कि छत्तीसगढ़ में सौ साल का कोयला 58 हजार मिलियन टन है, इसमें से पांच हजार मिलियन टन कोयला उस क्षेत्र में है, जहां पेड़ों की कटाई को लेकर ग्रामीण आंदोलन कर रहे हैं। जबकि यहां कोयला के उत्खनन से लोगों के जनजीवन पर व्यापक प्रभाव पड़ेगा। सरकार चाहे तो 53 हजार टन कोयले का उपयोग कर अडाणी को परसा कोल ब्लाक भेंट करने से बचा सकती है। उन्होंने कहा सब कुछ सामने होने के बाद भी न जाने छत्तीसगढ़ की भूपेश बघेल सरकार के सामने क्या मजबूरी है, जो पांच मिलियन टन कोयले को बचाने के बजाए खनन के लिए पूरी ताकत झोंक रही है।
आज करेंगे कैंडल मार्च, कल सौंपेंगे पेड़-
आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष कोमल हुपेंडी ने बताया कि जिस तरह जंगलों की बली चढ़ाई गई है उसे देखते हुए शनिवार को अंबिकापुर में कैंडल मार्च शहर में निकाला जाएगा। कोयला खनन के लिए हसदेव अरण्य क्षेत्र के विनाश की जिस प्रकार की रूपरेखा छत्तीसगढ़ सरकार ने तैयार की है, उसके विरोध में पंपलेट वितरण किया जाएगा। इसके अलावा विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर पांच जून को आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता छत्तीसगढ़ के सभी विधायकों, लोकसभा व राज्यसभा के सांसदों के निवास तक पहुंचकर उन्हें यह बताएंगे कि कांग्रेस और भाजपा की सरकार ही पेड़ कटवा रही है। इन्हें पौधा भेंट किया जाएगा ताकि पर्यावरण के महत्व को वे समझें।
संगठन का कर रहे विस्तार-
आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कोमल हुपेंडी ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के बाद तीन वर्ष कांग्रेस फिर भाजपा का 15 साल का कार्यकाल रहा। पुन: कांग्रेस की सरकार प्रदेश में विद्यमान है। लंबा समय बीतने के बाद भी ये सरकारें प्रदेश में शिक्षा व स्वास्थ्य की सुविधा को दुरूस्त नहीं कर पाई हैं। ऐसे में दिल्ली और पंजाब के तर्ज पर छग के लोग भी आम आदमी पार्टी की सरकार बने, इसके लिए उत्सुक हैं। आम आदमी पार्टी के सिपाही गांव की गलियों से शहर के मोहल्लों तक पहुंच बना रहे हैं। प्रदेश के 20 हजार गांव तक संगठन के विस्तार का कार्य चल रहा है। नए सदस्य बनाए जा रहे हैं।
सत्ता में आने के बाद अडाणी के गोद में बैठ गई कांग्रेस सरकार-हुपेंडी कहा-भाजपा-कांग्रेस दोनों हसदेव अरण्य को बचाने मीडिया की सुर्खियों में

Leave a reply