samvaad
छत्तीसगढ़

शहर में नालियों की स्थिति देखने निकले निगम आयुक्त मानसून दौरान शहर वासियों को जाम नाली और जलभराव की समस्या का करना पड़ता है सामना


अंबिकापुर। मानसून पूर्व नगर निगम शहर वासियों को जाम नाली व जलभराव से होने वाली दिक्कत से निजात दिलाने के प्रयास में लगा है। निगम आयुक्त विजय दयाराम के. खुद शहर के ड्रेनेज सिस्टम की स्थिति को देखने निकले हैं और नालियों के सफाई की खुद जाकर मॉनीटरिंग कर रहे हैं। मानसून के समय शहर के मुख्य मार्गों व मोहल्लों में जलभराव की समस्या पर उनकी नजर है। मानसून के दस्तक के पूर्व निगम आयुक्त के निर्देश पर 17 मई से विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। मुख्य मार्ग की नालियां जो स्लैब से ढकी हुई हंै एवं जहां आम जनता को जलभराव के कारण असुविधाओं का सामना करना पड़ता है, उन स्थानों पर प्राथमिकता से सफाई कराई जा रही है ताकि शहर वासियों को मानसून के बीच पहले की तरह होने वाली समस्या से निजात दिलाया जा सके। सफाई अमला इस कार्य में कितनी जिम्मेदारी पूर्वक लगा है, इस पर निगम आयुक्त की नजर है।
मानसून के दस्तक के साथ शहर की जाम नालियां और मुख्य मार्गों पर जलभराव की स्थिति देखने को मिलती है। इससे निजात दिलाने के लिए नगर पालिक निगम अंबिकापुर द्वारा मानसून पूर्व विशेष सफाई अभियान 17 मई से प्रारंभ किया गया है। मुख्य मार्ग की ऐसी नालियां जो स्लैब से ढकी हुई हैं, जहां आम जनता को जलभराव से असुविधा होती है, उन स्थानों पर प्राथमिकता से सफाई कार्य करने हेतु नगर निगम के आयुक्त द्वारा निर्देशित किया गया है। सफाई अभियान में मुख्य मार्गों, जलभराव वाले स्थानों की नालियों की संपूर्ण सफाई की जा रही है। सफाई के पश्चात निकले नालियों के अपशिष्ट, कचरे को तत्काल उठवाकर डिस्पोजल कराया जा रहा है। इस तरह लगभग 100 ट्रेक्टर के आस-पास नाला एवं नालियों से सिल्ट, कचरा का परिवहन, डिस्पोजल किया गया है। वर्तमान में सभी वार्डों की अंदरूनी नालियां जो स्लैब से ढकी हुई हैं, इसकी स्लैब हटाकर संपूर्ण सफाई की जा रही है। आयुक्त विजय दयाराम के. द्वारा शहर के आम नागरिकों से अपील की गई है कि कोई भी व्यक्ति नालियों में कचरा, प्लास्टिक बोतल इत्यादि न फेंके, इससे नालियां जाम होती है।

Leave a Reply