samvaad
छत्तीसगढ़

आदमी को समय से पहले मौत की ओर ले जाता है नशा-राजेश सराठे अंतर्राष्ट्रीय धूम्रपान निषेध दिवस पर शबरी सेवा संस्थान द्वारा नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन


अंबिकापुर। सरगुजा कलेक्टर संजीव कुमार झा के निर्देशन एवं सरगुजा जिले के उपसंचालक समाज कल्याण डीके राय के मार्गदर्शन में अंतर्राष्ट्रीय धूम्रपान निषेध दिवस के अवसर पर समाज सेवी संस्था, छत्तीसगढ़ शबरी सेवा संस्थान लखनपुर के द्वारा 31 मई को नशा मुक्ति केंद्र अंबिकापुर में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ शबरी सेवा संस्थान के सचिव सुरेंद्र साहू ने कहा कि नशा मानव समाज के लिए घातक है, इससे समाज में कई अपराध पनपते हैं। नशा चाहे शराब हो या तंबाखू, बीड़ी-सिगरेट, चरस, गुटका, पाउच, गुड़ाखू का सभी मानव शरीर के लिए हानिकारक होता है। नशा करने वाला व्यक्ति जीवन में आगे नहीं बढ़ सकता। गरीबी, लाचारी जैसे हालातों से जूझने के कारण वह अपने जीवन में विकास नहीं कर सकता और परिवार के लोग आगे नहीं बढ़ पाते हंै।
मुख्य अतिथि वरिष्ठ पत्रकार राजेश सराठे ने कहा कि नशा हर अपराध की जननी है। नशेड़ी व्यक्ति अपने इच्छाओं को पूरी करने के लिए चोरी, लूट, डकैती जैसे जघन्य आपराधिक कृत्य करता है, ताकि वह नशा करने के लिए पैसा इक_ा कर सके। ऐसे लोगों से समाज में भय का वातावरण निर्मित होने लगता है। उन्होंने कहा कैंसर, अस्थमा, टीबी, डिप्रेसन जैसी कई गंभीर बीमारी का मूल कारण नशा है, जो आदमी को समय से पहले मौत की ओर ले जाता है। इसलिए सभी को अपने परिवार, समाज, गांव को नशा मुक्त बनाने का संकल्प लेना चाहिए, जिससे सभी का जीवन सुखमय हो सके। विशिष्ट अतिथि समाजसेवी अंचल सिन्हा ने कहा कि हमें किशोरावस्था में बालक-बालिकाओ को भी नशा से होने वाले नुकसानों से अवगत कराना चाहिए, क्योंकि आज के बच्चे कल के भविष्य होते हैं। इसलिए हमें सभी की समान भागीदारी सुनिश्चित करते हुए नशा मुक्त समाज का निर्माण करना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ शबरी सेवा संस्थान लखनपुर द्वारा प्रकाशित नशा मुक्ति पंपलेट का वितरण किया गया। कार्यक्रम में अल्पना मिश्रा, अमित सिंह, राकेश पांडेय, अमित मिश्रा, आकाश साहू, देवंती साहू, अंजू रावत, सलिक अंसारी, वेदांत चौबे, धनेश्वर, संदीप राजपूत अजय रावत, ओमप्रकाश गुप्ता सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply