samvaad
छत्तीसगढ़

जनता को नवाचार से जोड़कर योजनाओं का लाभ दिलाएं-रेणुका प्रधानमंत्री ने सम्मान निधि की 11 वीं किस्त की राशि का किया अंतरण कृषि महाविद्यालय में गरीब कल्याण सम्मेलन का हुआ आयोजन


अंबिकापुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को शिमला में आयोजित गरीब कल्याण सम्मेलन में 10 करोड़ से अधिक किसानों के खाते में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 11 वीं किश्त की राशि का 20 करोड़ से अधिक किसानों के खाते में बटन दबाकर हस्तांतरण किया। प्रधानमंत्री ने कई राज्यों के विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से ऑनलाइन बातचीत की, जिसका सीधा प्रसारण किया गया। इस संवाद का सीधा प्रसारण एवं लाभार्थियों से संवाद का आयोजन राजमोहनी देवी कृषि महाविद्यालय अंबिकापुर के ऑडिटोरियम में किया गया था। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री रेणुका सिंह थीं। मुख्य अतिथि सहित अन्य अतिथियों के द्वारा आठ साल सेवा, सुशासन गरीब कल्याण पुस्तिका का विमोचन किया गया ।
केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह ने कहा कि देश की आजादी का 75वां वर्ष चल रहा है। वर्ष 2047 में सौ वर्ष पूरे होने की खुशी मनाएंगे। आज देश में ग्लोबल स्टैंडर्ड की बात चल रही है, जिसे हकीकत में बदलना चुनौती है लेकिन असंभव नहीं। उन्होंने कहा कि योजनाओं को जरूरतमंदों तक पहुंचाने के लिए नवाचार से लोगों को जोडऩा होगा। शिक्षा, स्वास्थ्य, तकनीक से लेकर दिनचर्या में भी नवाचार होनी चाहिए। जिनके लिए योजना बनाई गई व जिनको सरकार से अपेक्षा होती है उनको समय पर लाभ मिलना चाहिए। सही हितग्राही को लाभ मिले, इसे भी ध्यान में रखना है। उन्होंने कहा कि आज देश की जनता देश को बदलते हुए देखना चाहती है। उनके अपेक्षाओं के अनुरूप देश बदल भी रहा है। गांव, जनपद, जिला और प्रदेश विकास के पथ पर अग्रसर हैं। उन्होंने कहा कि यहां विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए, जिससे पता चलता है कि योजनाओं का लाभ मिलने से उनके जीवन में कैसे बदलाव आया। सरकार के पास योजनाओं की लंबी श्रृंखला है। हितग्राहियों को इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए इच्छा शक्ति दिखानी होगी। केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा केंद्र की मोदी सरकार का एक ही लक्ष्य है गरीबों का कल्याण। इस दिशा में वे स्वयं सक्रिय रहते हैं। मंत्रीमंडल की बैठक के अनुभवों को साझा करते हुए उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री की पहल पर बीते आठ वर्षों में देश के लोगों को व्यापक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिला है। हर गरीब के सिर पर छत का साया हो, पीने के पानी, शौचालय, बिजली, उज्ज्वला योजना, हर मोर्चे पर मोदी सरकार ने अभूतपूर्व काम किया है। कोरोना से बचाव के लिए मुफ्त में टीकाकरण का मामला तो सदियों तक याद किया जाएगा। रक्षा मामले और विदेशी कूटनीति के मसले पर भी कें द्र सरकार पूरी तत्परता से
काम कर रही है। उन्होंने हितग्राही चंद्रकला भगत को प्रधानमंत्री मुद्रा योजना का लाभ लेकर पेट्रोल पंप संचालन कर बेहतर आय अर्जित करने पर बधाई दी। संवाद कार्यक्रम में सुखरी की बिलासा बाई मरकाम, सरमना की रानू सिंह, कोसगा के अर्जुन सिंह, शशिकला सिन्हा ने भी अपने अनुभव साझा किए। इस अवसर पर कलेक्टर संजीव कुमार झा, नगर निगम आयुक्त विजय दयाराम के, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार लंगेह, कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ.पीके जायसवाल, कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक डॉ.रविन्द्र तिग्गा, पार्षद आलोक दुबे, ललन प्रताप सिंह, बाबूलाल अग्रवाल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष फुलेश्वरी सिंह, नगर निगम के पूर्व नेता प्रतिपक्ष जन्मेजय मिश्रा, कैलाश मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित थे।
पुस्तिका का विमोचन-
केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह ने भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा केंद्र सरकार की आठ वर्ष की उपलब्धियों पर प्रकाशित पत्रिका सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण का भी विमोचन किया। इस पत्रिका में गरीबों के उत्थान के लिए सतत प्रयत्नशील केंद्र सरकार के प्रयासों का विस्तार से उल्लेख किया गया है। पत्रिका के अवलोकन उपरांत उन्होंने कहा कि यह पत्रिका जानकारी की दृष्टि से काफी उपयोगी है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को इससे काफी लाभ मिलेगा। केंद्र सरकार की सभी योजनाओं को इसमें समग्र रूप से आंकड़े सहित प्रस्तुत किया गया है।
भावुक हुए लाभार्थी-
केंद्र सरकार की योजनाओं ने लोगों को किस प्रकार लाभांवित किया है इसका जीवंत उदाहरण बनकर आयुष्मान भारत योजना की लाभार्थी लक्ष्मी दुबे सामने आई। उन्होंने अपना अनुभव साझा करते हुए कहा कि वे बीमारी के कारण होने वाले खर्च से बेहद परेशान थीं। उन्होंने इस योजना का लाभ लेना शुरू किया, उनके खर्च कम हो गए। नर्स उनके गांव में ही उपलब्ध रहती थी। अपने उपचार के लिए अब उन्हें स्वयं रुपये की व्यवस्था नहीं करनी पड़ती है। इस अनुभव को साझा करते उनका गला रूंधने लगा। उनेंने कहा ऐसा पहली बार हुआ कि किसी सरकार ने लोगों के स्वास्थ्य की चिंता की है।
दूसरों को दे रहे रोजगार-  
प्रधानमंत्री मुद्रा योजना की लाभार्थी चंद्रकला भगत ने अपना अनुभव साझा करते हुए कहा कि इस योजना ने उनके स्वरोजगार के सपने को नई उड़ान दी। अब वे न सिर्फ आत्मनिर्भर हैं बल्कि दूसरे लोगों को भी कई प्रकार का रोजगार देने में सक्षम हो गई हैं। किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थी बटिलुराम ने कहा कि पहली बार किसी सरकार ने किसानों के बारे में सोचा है। किसानों को सीधे वित्तीय लाभ देने की दिशा में पहल की गई है। उन्होंने कहा कि किसान सम्मान निधि योजना के कारण छोटे स्तर के किसानों की आर्थिक दशा में सुधार के साथ बेहतर कृषि के लिए वे प्रेरित हुए हैं।

Leave a Reply