samvaad
छत्तीसगढ़

सावधान…आपका भी खाता हो सकता है खाली ऑनलाइन गेम में रमे युवक को एक माह में लगी 9.89 लाख की चपत 451 बार में हुई लाखों रुपये की कटौती का पता चलने पर उड़ गए होश


अंबिकापुर। सावधान…अगर आप भी रुपये के लालच में ऑनलाइन गेम में प्रतिभागी बनने की रुचि रखते हैं, तो खाते से होने वाले लेन-देन को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है। कहीं ऐसा न हो कि रुपये का लेन-देन होते देख आप खेल में रम जाएं और बैंक खाते से लाखों रुपये निकल जाएं। इसके बाद हाथ मलने के सिवाय कुछ और हासिल होने वाला नहीं है। ऐसा ही एक मामला हाल में सामने आया है। इंटरनेट मीडिया में गेम खेलकर रुपये प्राप्त करने के आगे एक युवक लगभग 10 लाख रुपये गंवा बैठा। खाते से लाखों रुपये की 451 बार में हुई कटौती के बारे में जब युवक को जानकारी मिली तो उसके होश उड़ गए। सब कुछ लुटाने के बाद युवक कोतवाली पुलिस के संपर्क में आया, पुलिस मामले में अपराध दर्ज कर जांच में जुट गई है।
पुलिस ने बताया कि कलेक्टर बंगला रोड निवासी राकेश कुमार तिवारी 32 वर्ष, बीते 25 अप्रैल 2022 से 26 मई 2022 के बीच मोबाइल में आए संदेश और इंटरनेट मीडिया में गेम खेलने के एवज में अच्छा लाभांश प्राप्त करने के लुभावने प्रचार के झांसे में आ गया। एक माह के अंदर वह कई बार ऑनलाइन गेम में शामिल हुआ। इस दौरान उससे खेल में भागीदार बनने के लिए ई-मेल आइडी व मोबाइल नंबर मांगा गया था। इसके बाद वह गेम खेलने में कुछ इस कदर रम गया कि एक माह में 451 बार में नौ लाख 89 हजार रुपये की खाते से कटौती का उसे पता ही नहीं चल पाया, जबकि यूपीआई, फोन पे के माध्यम से लेन-देन की बातें सामने आ रही हैं। लाखों रुपये हाथ से निकलने की जानकारी मिलने पर उसके होश उड़ गए। कोतवाली पुलिस ने मामले में धारा 420, 66 डी का मामला दर्ज कर जांच में लिया है।

Leave a Reply