samvaad
छत्तीसगढ़

तेंदूपत्ता संग्राहक अब बीमा के लिए सीएससी सेंटर मे करा सकेंगे पंजीयन संग्राहकों को पहले वनमंडल का काटना पड़ता था चक्कर


बलरामपुर। राज्य शासन की ओर से तेंदूपत्ता संग्राहकों को एक और सुविधा प्रदान की गई है। तेंदूपत्ता संग्राहक अब सीएससी सेंटर में भी बीमा करा सकेंगे, पहले संग्राहक परिवारों को वनमंडल का चक्कर काटना पड़ता था। अब तक सीएससी सेंटर में 9413 लोगों ने पंजीयन कराया है।
मिली जानकारी के अनुसार सभी तेंदूपत्ता संग्राहक परिवार के मुखिया और संग्राहक परिवार के सदस्यों का कुल 97 हजार लोगों का बीमा कराने का लक्ष्य रखा गया है। इसके तहत शहीद महेंद्र कर्मा बीमा योजना के तहत तेंदूपत्ता संग्राहक परिवार के मुखिया की दुर्घटना में मृत्यु होने पर चार लाख और सामान्य मृत्यु होने पर दो लाख रुपये मिलती है। इसके अलावा सामूहिक सुरक्षा बीमा योजना के तहत संग्राहक परिवार के किसी सदस्य की मृत्यु होने पर 12 हजार रुपये प्रदान किया जाता है। छात्रवृत्ति योजना के तहत 75 प्रतिशत से अधिक या मेरिट लिस्ट में नाम आने पर 25 हजार रुपये प्रदान किया जाता है। अभी तक योजना का लाभ विकासखंड रामचंद्रपुर, वाड्रफनगर, कुसमी, शंकरगढ़, बलरामपुर, राजपुर सभी विकासखंडों के संग्राहकों ने लिया है। सीएससी सेंटर में पंजीयन की जानकारी नहीं होने के कारण ज्यादातर परिवार अभी भी वनमंडल पहुंच रहे हैं। सीएससी सेंटर एवं लोक सेवा केंद्र के जिला प्रबंधक निशांत सिन्हा ने बताया कि लोक सेवा केंद्रों में तेंदूपत्ता संग्राहक पंजीयन करा सकते हैं। इसके पहले संग्राहक परिवारों को वनमंडल के कार्यालय में जाना पड़ता था। सीएससी सेंटर में सीधे आवेदन करके अब इसका लाभ लिया जा सकता है।
संग्राहक परिवार का डाटा भी हो रहा डिजिटल-
तेंदूपत्ता संग्राहक परिवार का डाटा भी डिजिटल किया जा रहा है, जिससे संग्राहक परिवारों के खाते में राशि पहुंच सके। लगभग 9500 संग्राहक परिवारों का डाटा डिजिटल हो चुका है, शेष लोगों का डाटा डिजिटल करने की योजना है। डाटा डिजिटल करने का कार्य भी काफी तेजी से किया जा रहा है, जबकि फड़ों में डिजिटलीकरण का कार्य किया जा रहा है। जिला प्रबंधक निशांत सिन्हा ने बताया कि डिजिटलीकरण का कार्य तेजी से किया जा रहा है।

Leave a Reply