अंबिकापुर। सरगुजा पुलिस एवं स्वैच्छिक संगठनों के कार्यकर्ताओं के संयुक्त तत्वावधान में संचालित नवा बिहान नशामुक्ति एवं परामर्श केंद्र के सदस्यों ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में बैठक आयोजित की। इस दौरान नवा बिहान नशामुक्ति परामर्श केंद्र के कार्यों की समीक्षा की गई।
सरगुजा पुलिस द्वारा नवा बिहान नशामुक्ति परामर्श केंद्र एवं जागरूकता अभियान का संचालन किया जा रहा है। समाज सेवी अनिल कुमार मिश्रा ने नवा बिहान नशामुक्ति परामर्श केंद्र अंतर्गत जागरूकता अभियान की समीक्षा हेतु बैठक आहूत किया था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरगुजा विवेक शुक्ला ने कहा कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जन समुदाय को नशा मुक्ति हेतु जागरूक करना नवा बिहान नशामुक्ति अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। नशा से पीडि़त लोगों की काउंसलिंग कर मुख्य धारा में इन्हें लाना प्राथमिकता है। वरिष्ठ समाजसेवी चिराग सोशल वेलफेयर सोसायटी के निदेशक मंगल पांडेय ने कहा कि नवा बिहान नशामुक्ति परामर्श केंद्र में स्वयमेव काउंसलिंग के लिए लोगों का आना बड़ी उपलब्धि है। ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय प्रमुख क्रह्मकुमारी विद्या बहन ने अभियान को सतत जारी रखने का आग्रह किया क्योंकि नशे से अधिक प्रभावित युवा वर्ग हो रहा है, जिससे समाज की उत्पादकता प्रभावित होती है। सामाजिक कार्यकर्ता संतोष दास ने नुक्कड़ नाटक एवं अन्य माध्यमों से समुदाय को जागरूक करने पर जोर दिया। वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता वंदना दत्ता ने कहा कि नशा से महिलाएं ज्यादा प्रभावित होती हैं। नशे की वजह से आपसी लड़ाई-झगड़ा प्राय: उन घरों में होता है, जिनके घरों के सदस्य नशा करते हैं। परिवार टूट रहे हैं एवं समुदाय में नशा के कारण अपराधिक प्रवृत्ति भी बढ़ती जा रही है। युवा सामाजिक कार्यकर्ता सुनिधि शुक्ला ने कहा कि युवाओं में अवसाद एवं नशा की प्रवृत्ति बढ़ती जा रही है। सरगुजा पुलिस द्वारा संचालित नवा बिहान नशामुक्ति अभियान एवं परामर्श केंद्र का सकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। कार्यक्रम से अधिक से अधिक युवा जुड़ें एवं समाज को नशा मुक्त बनाने में सरगुजा पुलिस का सहयोग करें। समीक्षा बैठक में नवा बिहान नशामुक्ति परामर्श केंद्र के अन्य साथियों ने भी सुझाव रखा।
Leave a reply
