samvaad
छत्तीसगढ़

विवाह समारोह में शामिल होने आई दो बहनों की पानी में डूबने से मौत सगी बहनों की अर्थी एक साथ उठने से गांव में शोक का माहौल


अंबिकापुर। उदयपुर थाना के पुलिस चौकी केदमा अंतर्गत ग्राम जीवलिया की दो सगी बहनों की बांध के पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना से गांव में शोक का माहौल है। बताया जा रहा है कि दोनों बहनें स्वजनों के साथ वैवाहिक आयोजन में शामिल होने के लिए आई थी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों बहनों का शव बांध से निकलवाया। शव को पंचनामा, पोस्टमार्टम के बाद स्वजनों को सौंप दिया गया है। एक साथ सगी बहनों की अर्थी उठने से गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के मुताबिक काव्या तिर्की (8) व सुशीला तिर्की (7) स्वजनों के साथ 26 मई को शादी समारोह में शामिल होने गांव के करीब बस्ती में गई थी। दोपहर दो से चार बजे के बीच स्वजनों को बिना बताए दोनों बालिकाएं घर से निकली थी और वापस नहीं लौटीं। बच्चियों को घर में नहीं देख स्वजनों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन उनका पता नहीं चला। शुक्रवार की सुबह घर के बगल में स्थित छोटे बांध में जहां कुछ लोग नहाने व मछली मारने जाते हैं, वहां दोनों का शव पानी में तैरते मिला। पुलिस चौकी केदमा के प्रभारी मनोज सिंह को इसकी सूचना दिन में 11 बजे मिली और वे स्टाफ के साथ घटनास्थल पहुंचे। शव को बाहर निकलवा पंचनामा किया गया। स्वजनों का अनुमान है कि दोपहर दो से चार बजे के बीच बांध में नहाने के दौरान हादसा हुआ होगा। बच्चों की मौत से गांव में शोक का माहौल है।

Leave a Reply