samvaad
छत्तीसगढ़

संदेहास्पद स्थिति में जंगल में अचेत मिले व्यक्ति की उपचार दौरान मौत


अंबिकापुर। घर से काम करने के लिए निकला व्यक्ति संदिग्ध परिस्थिति में घर से कुछ फासले पर स्थित जंगल में अचेत हाल में मिला, उसके सिर में चोट का निशान था। स्वजन उसे घर लेकर आए और अगले दिन उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां से प्राथमिक चिकित्सा के बाद उसे रेफर कर दिया गया था। मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक जशपुर जिले के आस्ता थाना अंतर्गत ग्राम सकरडीह का दुर्गाराम पिता ननकू राम 45 वर्ष, 23 मई की सुबह घर से काम करने के लिए निकला था। शाम को रोजाना की भांति जब वह घर वापस नहीं लौटा तो स्वजनों ने खोजबीन शुरू की। इस दौरान दुर्गाराम जंगल में अचेत अवस्था में मिला, उसके सिर में चोट का निशान था, जिससे खून बहा था। स्वजन उसे पूरी रात घर में रखे रहे। अगले दिन उसे मनोरा स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए, यहां से प्राथमिक चिकित्सा के बाद चिकित्सक ने बेहतर उपचार के लिए बाहर ले जाने की सलाह दी और मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर के लिए रेफर कर दिया। घायल व्यक्ति को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में स्वजनों ने भर्ती कराया, यहां बुधवार की शाम को उसकी मौत हो गई। ग्रामीण कैसे अचेत हाल में जंगल में पड़ा मिला, उसे चोट कैसे आई इसे लेकर संदेह की स्थिति बनी हुई है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस केस डायरी संबंधित थाना को अग्रिम जांच, कार्रवाई के लिए प्रेषित करेगी।

Leave a Reply