अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ राज्य के पांच नए जिलों के लिए राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग, मंत्रालय रायपुर ने सेटअप तैयार कर लिया है। इसे लेकर मंत्रालय की ओर से सरगुजा, बिलासपुर, दुर्ग जिले के संभाग आयुक्तों को 20 मई को पत्र जारी किया गया है। विभाग के सचिव ने तीनों संभाग के कमिश्नरों से जिले में काम करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की सूची मांगी है। पत्र में राजस्व सचिव नीलम नामदेव एक्का ने उल्लेखित किया है कि प्रदेश में पांच नए जिलों का गठन किया जाना है। इसमें सरगुजा संभाग से मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, बिलासपुर संभाग से सक्ती और सारंगढ़-बिलाईगढ़, दुर्ग संभाग से मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी व खैरागढ़-छुईखदान-गंडई शामिल हैं। नए जिलों के अंतिम अधिसूचना का प्रकाशन होने के बाद जिलाध्यक्ष कार्यालय एवं भू अभिलेख कार्यालय के लिए सेटअप स्वीकृत किया जाएगा। नवीन जिले के प्रभावशील होते ही अधिकारियों व कर्मचारियों की पदस्थापना नए जिले में की जानी होगी। संभाग आयुक्त से भारतीय प्रशासनिक सेवा एवं राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों को छोड़कर सरगुजा, बिलासपुर व दुर्ग संभाग के अंतर्गत आने वाले जिलों में काम करने के इच्छुक अधिकारी-कर्मचारी जो नए जिलों में काम करने के इच्छुक हों, उनकी सहमति प्राप्त कर अनुशंसा सहित शासन को प्रस्ताव उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है।
जिलाध्यक्ष कार्यालय का सेटअप-
नवीन जिले में जिलाध्यक्ष कार्यालय के लिए कुल 63 पदों पर नियुक्ति की जानी है, इनमें कलेक्टर, अपर कलेक्टर, संयुक्त कलेक्टर, अधीक्षक, स्टेनोग्राफर वर्ग एक, दफ्तरी, माल जमादार, फर्रास के एक-एक पदनाम शामिल हैं। एक अंशकालीन स्वीपर को कलेक्टर दर पर रखा जाना है। इनके अलावा डिप्टी कलेक्टर, स्टेनो टाइपिस्ट, अर्दली, चौकीदार के 03-03 पद, सहायक अधीक्षक के 02, सहायक ग्रेड-2 के 08, सहायक ग्रेड-3 के 16, वाहन चालक के 06, भृत्य के 10 पद शामिल हैं।
भू-अभिलेख में 16 कर्मचारियों का सेटअप-
नवीन भू-अभिलेख कार्यालयों के लिए कुल 16 पदों का सृजन किया गया है। इनमें अधीक्षक भू-अभिलेख, मानचित्रकार, सहायक ग्रेड-2, अनुरेखक, चैनमैन, अंशकालीन स्वीपर के एक-एक पद, सहायक अधीक्षक भू-अभिलेख, भृत्य के दो-दो पद, राजस्व निरीक्षक व सहायक ग्रेड-03 के तीन-तीन पद शामिल हैं।
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने जारी किया पांच नए जिलों का सेटअप सरगुजा, बिलासपुर और दुर्ग जिले के संभाग आयुक्तों से मांगी नए जिले में काम करने के इच्छुक अधिकारियों-कर्मचारियों की सूची

Leave a reply