अंबिकापुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम भफौली के एक ग्रामीण द्वारा फाइनेंस में ट्रैक्टर क्रय किया गया था, जिसे अंबिकापुर व घंघरी के दो युवकों ने चार लाख रुपये में सौदा कर खरीद लिया और ट्रैक्टर का किश्त समय-समय पर अदा कर देने का झांसा दिया। ट्रैक्टर ले जाने के बाद दोनों क्रेता किश्त की अदायगी न कर उक्त ट्रैक्टर को किसी अन्य को बेच दिए। इसके बाद ट्रैक्टर कहां गया इसका पता नहीं चल पाया है। इधर फाइनेंस में ट्रैक्टर लिए ग्रामीण के पास जब किश्त की रकम अदा करने का दबाव फाइनेंस कंपनी की ओर से बनाया जाने लगा तो उसके होश उड़ गए। इसकी जानकारी वह कोतवाली थाने में दिया था, जिस पर पुलिस ने ग्रामीण के साथ छल करने वाले आरोपितों के विरूद्ध अपराध दर्ज कर लिया था। पुलिस एक आरोपित को 20 अक्टूबर 2020 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में भेजी थी।
जानकारी के मुताबिक कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम भफौली निवासी खनिहार ने नया ट्रैक्टर फाइनेंस कराया था, जिसका किश्त उसे समय-समय पर फाइनेंस कंपनी को अदा करना था। इधर ग्राम घंघर के संतोष दास और संगम चौक अंबिकापुर निवासी प्रतीक ठाकुर ने ग्रामीण को झांसा देकर चार लाख रुपये में ट्रैक्टर का सौदा कर लिया। ट्रैक्टर अपने कब्जे में लेने के बाद उन्होंने शेष किश्त की राशि अदा कर देने की बात कही थी, जिससे ग्रामीण फाइनेंस कंपनी से हुए लेन-देन की अदायगी को लेकर आश्वस्त था। इधर क्रेताओं ने ट्रैक्टर के किश्त की राशि अदा नहीं की जिससे कर्ज का भार ग्रामीण पर बढ़ता गया। इसकी जानकारी जब उसे फाइनेंस कंपनी के लोगों से मिली तो वह कोतवाली पुलिस को इससे अवगत कराया। पुलिस जांच में जुटी तो पता चला कि जिन्होंने ट्रैक्टर क्रय किया था, वे किसी और ट्रैक्टर की बिक्री कर चुके हैं। पुलिस ने रायपुर तक ट्रैक्टर का पता लगाने की कोशिश की लेकिन कुछ भी पता नहीं चला। इधर पुलिस ने थाने में अपराध दर्ज होने के बाद 20 अक्टूबर 2020 को अंबिकापुर निवासी प्रतीक ठाकुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, वहीं आरोपित संतोष दास फरार चल रहा था, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल दाखिल किया है। मामले के विवेचक ने बताया कि अभी तक ट्रैक्टर का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की अग्रिम जांच, कार्रवाई में जुटी है।
फाइनेंस में ली गई ट्रैक्टर का पता नहीं, ट्रैक्टर का सौदा कर किश्त पटाने का झांसा देने वाले गिरफ्तार पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे दूसरे आरोपित को मंगलवार को गिरफ्तार किया

Leave a reply