रामानुजगंज। अप्रैल के दूसरे पखवाड़े में कन्हर नदी के पूर्णत: सूख जाने के बाद दिन-प्रतिदिन नगर में 25 हजार की आबादी के लिए पेयजल की समस्या बढ़ते जा रही है। इस बीच जिला प्रशासन के निर्देश पर नगर पंचायत अध्यक्ष रमन अग्रवाल, एसडीएम गौतम सिंह, सीएमओ दीपक एक्का, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अधिकारी उत्तम कुमार राठिया, जनपद सीईओ मिथिलेश पैकरा, आरइएस एसडीओ विकास तिवारी, जल संसाधन विभाग के एसडीओ अनिल तिवारी सहित नगर पंचायत का पूरा अमला इंटकवेल पहुंचकर नगर की नियमित जल प्रदाय व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पोकलेन से बड़े डबरी का निर्माण करवाया, वहीं ओपन वेल पंप भी लगाया गया।
कलेक्टर के निर्देश पर इंटरवेल में ही बैठक आयोजित कर नगर में नियमित रूप से पेयजल व्यवस्था कैसे बनी रहे इस पर गंभीरता से चर्चा हुई। गौरतलब है कि कन्हर नदी पूर्णत: सूख गई है वहीं दूसरी ओर नगर के हैंडपंप, कुआं भी सूखते जा रहे हैं, जिस कारण नगर में पेयजल की समस्या गहरा गई है। मानसून में करीब एक माह देरी है, ऐसे में नियमित रूप से नगर में पेयजल आपूर्ति बड़ी चुनौती है। कलेक्टर कुंदन कुमार के निर्देश पर नगर पंचायत अध्यक्ष सहित प्रशासनिक अमला इंटकवेल पहुंचे जहां पूरे दिन जेसीबी से बड़े डबरी का निर्माण कराया गया है ताकि नगर में नियमित पेयजल आपूर्ति बाधित न हो सके। नगर पंचायत अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने कहा कि जिला प्रशासन के निर्देश पर नगर पंचायत की पूरी टीम नगर में नियमित पेयजल आपूर्ति सुलभ हो इसके लिए रात-दिन काम कर रही है। पूरा प्रयास है कि नियमित रूप से जलापूर्ति होती रहे। इंटकवेल परिसर में नगर में नियमित जलापूर्ति व्यवस्था कैसे बनी रहे इस पर गंभीरता से चर्चा हुई।
जनप्रतिनिधि-अधिकारी नदी में घंटों डटे रहे-
नगर में गहराते जन संकट को देखते हुए जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी जिला प्रशासन के निर्देश के बाद घंटों कन्हर नदी में तपती धूप में खड़े होकर डबरी निर्माण करवाए ताकि नियमित जलापूर्ति बाधित न हो। विगत 15 दिन से लगातार नगर पंचायत के द्वारा जेसीबी के माध्यम से डबरी निर्माण कराया जा रहा था। जेसीबी से डबरी निर्माण संभव नहीं होने की स्थिति में बुधवार को पोकलेन मशीन बुलवाया गया।
कलेक्टर लेते रहे जायजा-
कलेक्टर कुंदन कुमार नगर की 25 हजार की आबादी को नियमित रूप से जलापूर्ति हो, इसके लिए कितने चिंतित हैं इसे इस बात से समझा जा सकता है कि उनके निर्देश पर पूरा प्रशासनिक अमला एवं जनप्रतिनिधि आज पुन: इंटरवेल पहुंचा। वहीं कलेक्टर स्वयं लगातार एसडीएम से तत्संबंध में जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहे।
बयान-
रामानुजगंज में नियमित पेयजल आपूर्ति बनी रहे, इसके लिए हम सब चिंतित हैं। नगर में जलापूर्ति बाधित न हो इसके लिए कन्हर नदी में बड़ा डबरी का निर्माण कराया गया। नगर में आवश्यकता अनुसार हैंड पंप लगवाने के लिए मैंने निर्देशित किया है। नगर की लंबित जल आवर्धन योजना जल्दी से जल्दी शुरू हो, इसके लिए भी पीएचई के उच्च अधिकारियों से आज मैंने चर्चा की है।
कुंदन कुमार
कलेक्टर, बलरामपुर
कन्हर नदी सूखने से जलसंकट की स्थिति बनी, कलेक्टर के निर्देश पर नपं का अमला इंटकवेल पहुंचा जेसीबी से डबरी का निर्माण कराया ताकि नियमित पेयजल आपूर्ति बनी रहे

Leave a reply