अंबिकापुर। अस्पताल अधीक्षक एवं प्रबंधन कमेटी के द्वारा गुरूवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात राजमाता देवेंद कुमारी शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध अस्पताल का रात्रिकालीन निरीक्षण किया। रात 12 बजे से 2.30 बजे तक प्रबंधन ने सभी वार्डों में जाकर वार्ड की व्यवस्था डॉक्टर, नर्स एवं चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों की उपस्थिति का अवलोकन किया। इस दौरान सभी अपने कार्यस्थल में मिले एवं साफ-सफाई भी बेहतर पाई गई।
पीएनसी वार्ड में पुरुष अटेंडरों की मौजूदगी पाई गई, इन्हें रात में ही मंगल भवन में सोने के लिए भेजा गया। साथ ही गार्ड को निर्देशित किया गया कि प्रतिदिन रात के 10 बजे के बाद मरीज के स्वजनों को मंगल भवन में छोड़कर आएं और महिला मरीजों के साथ केवल महिला स्वजन ही रहें। निरीक्षण के दौरान अस्पताल अधीक्षक डॉ.लखन सिंह के द्वारा आपातकालीन एवं एक्स-रे कक्ष में मौजूद स्टाफ को निर्देशित किया गया कि वे अपनी ड्यूटी और बेहतर तरीके से करें। अस्पताल प्रबंधन के द्वारा लगातार रात्रिकालीन निरीक्षण किया जाता है, ताकि मरीजों को और बेहतर सुविधा मिल सके। गुरूवार की रात निरीक्षण के दौरान मरीजों से यह जानने की कोशिश की गई कि उनके बुलाने पर चिकित्सक एवं स्टाफ नर्स आते हैं या नहीं। मरीजों ने कहा कि बुलाने पर स्टाफ नर्स आते हैं और उनकी बातों को सुनते हैं। निरीक्षण के समय अधीक्षक के साथ अस्पताल सलाहकार प्रियंका कुरील, सिस्टर, छोटेलाल शर्मा, प्रिया एवं राजेंद्र उपस्थित थे।
संयुक्त संचालक सह अधीक्षक, प्रबंधन कमेटी के साथ रात 12 बजे औचक पहुंचे अस्पताल पीएनसी वार्ड से पुरूष अटेंडरों को भेजा मंगल भवन, डॉक्टर व कर्मचारी ड्यूटी पर तैनात मिले

Leave a reply