अंबिकापुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शुक्रवार को भेंट-मुलाकात अभियान के तहत प्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र के रघुनाथनगर पहुंचे। उन्होंने यहां स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल में शिक्षा प्राप्त कर रहे बच्चों से बड़ी ही आत्मीयता के साथ मुलाकात की औऱ उनकी पढ़ाई-लिखाई के बारे में जानकारी ली।
स्कूल की छात्राओं ने मुख्यमंत्री को राजगीत Óअरपा-पैरी के धारÓ गाकर सुनाया। इस दौरान स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल में कक्षा दूसरी में पढऩे वाली बच्ची स्मृति ने पूछा मुख्यमंत्रीजी मैं हेलीकॉप्टर में कब बैठूंगी, मुख्यमंत्री ने कहा कि तुम 12वीं में जब टॉप करोगी, तो तुमको हेलीकॉप्टर में बिठा लेंगे, लेकिन स्मृति जिद पर अड़ गई कि मुझे आपके साथ आज ही हेलीकॉप्टर में बैठना है। बच्ची की मासूम जिद और मनुहार को मुख्यमंत्री टाल नहीं सके और उन्होंने कहा कि तुमको आज ही हेलीकॉप्टर में बिठाएंगे। नन्हीं छात्रा स्मृति की जिद्द पूरी करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने न सिर्फ उसे बल्कि और भी बहुत से बच्चों को हेलीकॉप्टर से सैर कराई। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री बघेल ने गुरूवार को कक्षा 10वीं-12वीं में इस साल जिलों में अव्वल आने वाले विद्यार्थियों को हेलीकॉप्टर की सैर कराने का वादा किया था। कक्षा दो में पढऩे वाली स्मृति ने इसके बारे में सुना तो वह मुख्यमंत्री से जिद्द करने लगी कि उसे आज ही हेलीकॉप्टर पर बैठना है। इस दौरान नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री डॉ.शिवकुमार डहरिया, स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ.प्रेमसाय सिंह टेकाम भी उनके साथ थे।
बच्चों ने मुख्यमंत्री को खिलाया घर से लाया टिफिन-
स्कूल के बच्चों ने मुख्यमंत्री को अपने घर से लाया टिफिन खाने का अनुरोध किया, तो उन्होंने कहा कि मैं अभी नाश्ता करके आया हूं, लेकिन बच्चे जिद पर अड़ गए कि हम घर से आपके लिए खाना लेकर आए हैं। बच्चों की जिद्द को वे नहीं टाल सके उन्होंने उनके टिफिन का खाना खाया और खूब तारीफ की।
बच्चों के साथ गिल्ली-डंडा पर आजमाया हाथ-
स्कूल के बच्चों के आग्रह पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उनके संग पारंपरिक लोक खेलों में हाथ आजमाया। मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ गिल्ली-डंडा, पि_ुल, बांटी खेलकर उनका उत्साह बढ़ाया। मुख्यमंत्री जब कक्षा में पहुंचे तो बच्चों ने उनसे उत्सुकतावश सवाल किए। मुख्यमंत्री ने बड़ी तसल्ली से सारे सवालों के जवाब दिए।
रघुनाथनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण-
मुख्यमंत्री ने रघुनाथनगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। वहां इलाज कराने आए मरीजों से बातचीत कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में पूछा। उन्होंने रघुनाथनगर स्वास्थ्य केंद्र में नई एक्स-रे मशीन का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने अस्पताल में प्रसूता प्रभा देवी को जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत 1400 रुपये का चेक एवं उनकी नवजात बेटी का जन्म प्रमाणपत्र भी प्रदान किया।
रघुनाथनगर तहसील कार्यालय का निरीक्षण-
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रघुनाथनगर तहसील कार्यालय के निरीक्षण के दौरान प्रभारी तहसीलदार से राजस्व प्रकरणों और उनके निराकरण की स्थिति की जानकारी ली। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद रघुनाथनगर तहसील का गठन किया गया है। इस कार्यालय के नवनिर्मित भवन का भी मुख्यमंत्री ने निरीक्षण किया। तहसील के गठन के लिए रघुनाथनगर के नागरिकों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार प्रकट किया।
वाड्रफनगर के पटवारी पन्नेलाल निलंबित-
भेंट-मुलाकात के दौरान आम जनों से पटवारी के खिलाफ मिली शिकायत पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने वाड्रफनगर के पटवारी पन्नेलाल को अपने पदीय दायित्वों के प्रति स्वेच्छाचारिता और लापरवाही बरतने के कारण तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मुख्यमंत्री से पटवारी के विरूद्ध रिश्वत लेने की शिकायत प्राप्त हुई थी। निलंबन अवधि में इनका मुख्यालय तहसील कार्यालय वाड्रफनगर नीयत किया गया है। निलंबन अवधि में इन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता की पात्रता होगी।
नेत्रहीन बहनें चंदा व रिया का इलाज कराएगी सरकार-
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नेत्रहीन बालिकाओं चंदा और रिया के इलाज का बीड़ा उठाया है। रामानुजगंज में पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि दोनों बच्चियों का इलाज देश के जिस अस्पताल में भी होगा, राज्य शासन उनका पूरा खर्चा वहन करेगी। दिल्ली या चेन्नई जहां जरूरत होगी इन बच्चियों को भेजा जाएगा। अस्पताल के स्टॉफ के साथ बच्चियों और मां को भेजा जाएगा। ज्ञातव्य है कि गुरूवार को आरागाही गांव में भेंट मुलाकात कार्यक्रम में अपनी मां अनति देवी के साथ दो नेत्रहीन बेटियां आई थीं। मुख्यमंत्री ने रो रही अनति देवी से कहा था कि आप चिंता ना करें, बच्चों के इलाज के लिए हरसंभव मदद की जाएगी।
सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधिमंडल से सौजन्य मुलाकात-
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से गुरूवार की शाम रामानुजगंज सर्किट हाऊस में विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने मार समाज के प्रतिनिधिमंडल की मांग पर उन्हें सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए 20 लाख व रामानुजगंज में बंगाली समाज को बंग भवन के निर्माण के लिए 25 लाख रुपये देने की घोषणा की। मुस्लिम समाज के द्वारा बलरामपुर में जमीन आवंटन के लिए दिए गए पर जल्द से जल्द प्रक्रिया पूरा करने के निर्देश दिए, जमीन उपलब्ध होने पर 25 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके अलावा सौंडिक गुप्ता समाज को भवन निर्माण के लिए 25 लाख तथा खैरवार समाज को रामानुजगंज में सामाजिक भवन के निर्माण के लिए 15 लाख रुपये की राशि स्वीकृत करने की घोषणा की। भेंट-मुलाकात के दौरान गायत्री महिला स्व-सहायता समूह द्वारा तैयार उत्पाद के पैकेट भेंट किए गए।
महिला समूह ने सेंदूर ब्रांड नेम का सत्तू भेंट किया-
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बलरामपुर जिले के तांबेश्वरनगर गौठान पहुंचकर वहां की व्यवस्था और महिला समूहों द्वारा संचालित गतिविधियों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने समूह की महिलाओं के आत्मविश्वास लगन और मेहनत की सराहना की। इस अवसर पर तांबेश्वर नगर गौठान की जय राधे समूह की महिलाओं ने मुख्यमंत्री को चना-सत्तू का पैकेट भेंट करते हुए उनसे भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप में भ्रमण के दौरान चना-सत्तू के सेवन का आग्रह किया। बलरामपुर अंचल के प्रमुख नदी सेंदूर के नाम पर उत्पादित चना-सत्तू का ब्रांड नेम सेंदूर सत्तू रखा गया है। उन्होंने गौठान में नवनिर्मित मुर्गी पालन शेड का उद्घाटन किया। समूह की महिलाओं ने बताया वे जल्द ही सरसों तेल निकालने की यूनिट भी गौठान में लगाने की तैयारी में है। मुख्यमंत्री ने बलरामपुर इलाके में रामतिल की अच्छी खेती को देखते हुए रामतिल से तेल उत्पादन शुरू करने कहा। महिला समूहों को मक्का उत्पादन एवं प्रोसेसिंग का प्रशिक्षण देने तथा गौठान में मक्का प्रोसेसिंग यूनिट की स्थापना की बात कही। मुख्यमंत्री ने केरवाशीला में भी गौठान निर्माण की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने सरपंच एवं ग्रामीणों की मांग पर तांबेश्वरनगर में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 25 लाख रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की।
प्रथम पेज बैनर के बगल में-
डॉ.रमन ने सीएम भूपेश पर कसा तंज, कहा-हेलीकॉप्टर में बैठी सरकार की सोच भी हवाई
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा-सर्वे में आया है कि पूरा सफाया होने वाला है, इसलिए यात्रा सरकार की परफॉर्मेंस सुधारने की कवायद
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह ने प्रदेश सरकार और सीएम भूपेश बघेल व मंत्रियों के दौरे पर तंज कसते हुए कहा कि एक यात्रा का मुंह उत्तर दिशा, एक दक्षिण दिशा में है। टीएस सिंहदेव की यात्रा में कलेक्टर-एसपी को प्रतिबंधित किया गया है. साढ़े तीन साल की सरकार में ये हाल हो गया। उन्होंने कहा कि हमने 30 बिंदुओं पर विकास यात्रा और ग्राम सुराज यात्रा की थी, जबकि अब जो यात्रा हो रही है उसमें तीन हेलीकॉप्टर के साथ मनपसंद और चमचमाते गद्दे रखे हैं, रेड कार्पेट बिछा हुआ है, ये कैसी यात्रा है? हेलीकॉप्टर में बैठी सरकार की सोच भी हवाई है। बच्चों को 10 मिनट हेलीकॉप्टर में बैठाने से उनके जीवन में कोई बड़ा परिवर्तन नहीं आएगा। डॉ.रमन सिंह ने कहा है कि सरकार यात्रा में अधिकारियों पर कार्रवाई कर रही है। 25 रुपया प्रति टन कोल में वसूली इस सरकार में हो रहा है। किस कलेक्टर और किस एसपी का कितना रेट है इस सरकार में सब जानते हैं। सरकार भ्रष्टाचार में डूबी है। उन्होंने कहा ये यात्रा तभी सफल होगी जब प्रधानमंत्री आवास योजना का क्रियान्वयन होगा। भाजपा यात्रा से डरी हुई नहीं है। योजनाओं में समस्या का निराकरण जरूरी है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के एक बयान पर उन्होंने कहा विधायकों का नहीं बल्कि सरकार का परफॉर्मेंस ही खराब है। सर्वे में आया है कि पूरा सफाया होने वाला है, इसलिए यात्रा सरकार की परफॉर्मेंस सुधारने की कवायद है।
हम सरकार के कामकाज की समीक्षा कर रहे-
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा है कि हम सरकार के कामकाज की समीक्षा कर रहें हैं, गौठान देख रहें हैं। वर्तमान सरकार और पुरानी सरकार के काम जान रहे हैं। सबका जवाब आएगा और भाजपा की सरकार छत्तीसगढ़ में आएगी। उन्होंने कहा कि संस्कृति और परंपरा को मजबूत करना गलत नहीं।
बच्ची की मनुहार के आगे झुके मुख्यमंत्री, बच्चों ने की हेलीकाप्टर की सैर नन्ही स्मृति ने मुख्यमंत्री से कहा-मुझे आपके साथ आज ही हेलीकाप्टर में घूमना है

Leave a reply