अंबिकापुर। छतीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा जिले के प्रभारी मंत्री डॉ.शिव कुमार डहरिया ने बुधवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में विभिन्न विभागों के जिला अधिकारियों की बैठक लेकर योजनाओं और निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राज्य सरकार की योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करें ताकि उसका लाभ आम जन तक पहुंच सके।
डॉ.डहरिया ने अमृत मिशन योजना के तहत अंबिकापुर में चल रहे जल आवर्धन कार्य की समीक्षा करते हुए कहा कि योजना से हर घर में पानी पहुंचाने का काम बरसात से पहले करें। इसी प्रकार नगरीय निकाय क्षेत्र में एक रुपये प्रति वर्ग फुट के दर से जमीन आवंटन के कार्य में भी प्रगति आए। नगरीय निकाय क्षेत्र में आवास, पेयजल विद्युत के कार्य समय-सीमा में पूर्ण कराएंं। उन्होंने राजस्व विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि ग्रामीणों का बंटवारा, फौती, नामांतरण के कार्य में दिक्कत न हो। निश्शुल्क बी-1 का वितरण करें। पटवारी दो दिन के बजाए तीन दिन मुख्यालय में बैठें। उन्होंने कहा कि जाति प्रमाण पत्र बनाने में सरलीकरण कर दिया गया है। पिता के स्थायी जाति प्रमाण पत्र के आधार पर ही बच्चे के जन्म प्रमाण पत्र के साथ जाति प्रमाण पत्र भी प्रदान करें। इस दौरान लुंड्रा विधायक डॉ.प्रीतम राम, बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष अजय अग्रवाल, महापौर डॉ.अजय तिर्की, कमिश्नर जीआर चुरेंद्र, संचालक नगरीय प्रशासन एवं विकास डॉ.प्रियंका शुक्ला, कलेक्टर संजीव कुमार झा, जिला पंचायत के सीईओ विनय कुमार लंगेह, नगर निगम आयुक्त विजय दयाराम के, राज्य शहरी विकास अभिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सौमिल रंजन चौबे सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।
मजरा-टोला तक सभी घरों को उर्जीकृत करें
डॉ.डहरिया ने बिजली से संबंधित समस्याओं के निराकरण के लिए तत्काल कार्रवाई के लिए अधिकारी तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा वोल्टेज के चलते ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों को सिंचाई में दिक्कत नहीं होनी चाहिए। ट्रांसफार्मर बदलने का कार्य 24 घंटे में होना चाहिए। उन्होंने एकमुश्त बिजली बिल की समस्या के संबंध में कहा शिविर लगाकर इस समस्या का निराकरण कराएं। उपभोक्ताओं को बिजली बिल हॉफ योजना का लाभ दिलाएं। मीटर रीडिंग नियमित रूप से हो। उन्होंने कहा कि सभी मजरा-टोला भले ही जिसमें तीन-चार घर क्यों न हों उर्जीकृत करें।
बरसात के पहले सड़क निर्माण पूरा करें
डॉ.डहरिया ने लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि एनएच एवं अन्य सड़कों के निर्माण में तेजी लाएं और बरसात के पहले काम को पूरा कराएंं। गर्मी में पेयजल की दिक्कत न हो, इसके लिए पीएचई विभाग हैंडपंप सुधार के लिए विशेष अभियान चलाएं। सरकार के द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का क्रियान्वयन किस स्तर पर हो रहा है और इसमें क्या सुधार की आवश्यकता है इसका निरीक्षण करना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आगामी माह दौरे पर आएंगे, उन्हें भी पूरी समीक्षा की रिपोर्ट सौंपी जाएगी। मुख्यमंत्री अलग-अलग विधानसभा क्षेत्र के गांवों का निरीक्षण करने के साथ जिले में विश्राम करेंगे। उन्होंने दौरे के पूर्व सभी अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी तरह की कोई चूक या लापरवाही न हो।
योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन कर आम जन तक पहुंचाएं लाभ-डॉ.डहरिया प्रभारी मंत्री ने ली जिला अधिकारियों की समीक्षा बैठक

Leave a reply