बलरामपुर 07 मई 2022/ खाद्य विभाग के सचिव श्री टोपेश्वर वर्मा ने मुख्यमंत्री भेंट मुलाकात के दौरान राशन कार्ड बनाने एवं राशन वितरण के संबंध में प्राप्त शिकायतों पर समीक्षा करते हुए प्राप्त आवेदनों के निराकरण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में खाद्य सचिव श्री टोपेश्वर वर्मा ने खाद्य निरीक्षकों को पंचायत सचिवों के साथ ग्राम पंचायतों में शिविर लगाकर छूटे हुए पात्र हितग्राहियों का राशन कार्ड बनाने एवं पात्रतानुसार हितग्राहियों का नाम काटने व जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नवीन राशन कार्ड हेतु प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए ऐसे पात्र हितग्राही जो राशन कार्ड से वंचित हैं अथवा किसी प्रकार से उनका राशन कार्ड की सूची से नाम कट गया है, ऐसे हितग्राहियों का सर्वे कर राशन कार्ड बनाने एवं जो अपात्र हैं और बीपीएल राशन कार्ड के तहत लाभ ले रहे हैं, उनका सत्यापन करने कर नाम काटने संबंधी कार्यवाही करने को कहा।
उन्होंने खाद्य अधिकारी से जिले में राशन कार्डों की संख्या, उचित मूल्य दुकानों का संचालन के संबंध में जानकारी ली। साथ ही प्रत्येक माह उचित मूल्य दुकानों एवं खाद्यान्न भण्डारण केन्द्रों का निरीक्षण करने को कहा। उन्हांेने खाद्यान्न परिवहन में लगे वाहनों का जीपीएस सिस्टम के द्वारा सतत् मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में राशन कार्ड बनाने हेतु आधार कार्ड अनिवार्य है तथा आधार कार्ड एवं बायोमैट्रिक अंगुठा के बिना राशन नहीं दिया जाना है। उन्होंने जिले में आधार सीडिंग की स्थिति एवं शेष बचे हुए आधार सीडिंग के संबंध में जानकारी ली तथा शेष सीडिंग शत्-प्रतिशत् पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बैठक में मनरेगा एवं जल-जीवन मिशन के प्रगति की समीक्षा करते हुए जल-जीवन मिशन, जल आवर्धन एवं मनरेगा अंतर्गत चल रहे कार्यों के संबंध में जानकारी ली तथा जल-जीवन मिशन के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करते हुए ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में खाद्य विभाग के संचालक श्री अभिनव अग्रवाल, कलेक्टर श्री कुंदन कुमार, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती रीता यादव, सहायक संचालक खाद्य श्री अनुराग भदौरिया, जिला खाद्य अधिकारी श्री शिवेन्द्र कामठे सहित खाद्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
जिले में बेहतर खाद्य वितरण व्यवस्था को लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश खाद्य सचिव ने खाद्य विभाग के अधिकारियों की बैठक

Leave a reply