samvaad
छत्तीसगढ़

जिपं सीईओ ने निरीक्षण के बाद बरगद के पेड़ के नीचे लगाई चौपाल मुख्यमंत्री के आगमन में कुछ दिन शेष, प्रशासन हाई अलर्ट मोड पर समस्याओं के त्वरित निराकरण की पहल से खुश हैं ग्रामीण


अंबिकापुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के दौरे में अब कुछ ही दिन शेष हैं, जिला प्रशासन उन्हें शिकायत का कोई मौका नहीं देना चाहता। यही कारण है कि 42 डिग्री से अधिक की तपती धूप में जिला प्रशासन हाई-अलर्ट मोड पर है। लगातार आला अधिकारी गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याएं सुन उसका त्वरित निराकरण कर रहे हैं। इसी क्रम में जिला पंचायत के सीईओ विनय कुमार लंगेह ने लुंड्रा जनपद के कुंदीकला गौठान का निरीक्षण किया। उन्होंने गौठान में सभी बुनियादी सुविधाओं को उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बरगद के पेड़ के नीचे चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनी। चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने विभिन्न समस्याओं से सीईओ को अवगत कराया।
चौपाल में पहुंचे ग्रामीणों ने चरवाहे की संख्या एक से बढ़ाकर दो करने की मांग की, जिसे त्वरित संज्ञान में लेते हुए जिला पंचायत सीईओ ने ग्राम के सचिव को चरवाहा की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। नदीपारा ग्राम के एक ग्रामीण ने अपने गांव में लो वोल्टेज की समस्या बताई, जिस पर उन्होंने विद्युत विभाग के आला अधिकारियों से बात कर एक और ट्रांसफार्मर लगवाने कहा। उन्होंने स्कूल भवन मरम्मत के भी निर्देश दिए। जिला पंचायत सीईओ ने आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। आंगनबाड़ी भवन की हालत ठीक नहीं देख उन्होंने सचिव को जल्द से जल्द प्रस्ताव बनाकर जिला पंचायत भेजने का निर्देश दिया, ताकि आंगनबाड़ी केंद्र को नया भवन मिल सके। उन्होंने गोठान में पानी की समस्या के निराकरण के लिए जहां पानी का स्रोत हो वहां बोर कराने तथा पाइप से गोठन तक पानी लाने के निर्देश दिए। गोठान में पैरा के लिए अस्थाई मचान बनाने तथा रीपा के कार्य जल्द से जल्द शुरू करने नेपियर घास लगाने, मशरूम उत्पादन, मुर्गी पालन, बटेर पालन आदि कार्य शुरू करवाने के लिए कहा। निरीक्षण की कड़ी में उन्होंने सामुदायिक शौचालय को शीघ्र ही पूर्ण करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply