अंबिकापुर। गृह एवं जेल विभाग के प्रमुख सचिव तथा जिले के प्रभारी सचिव मनोज कुमार पिंगुआ शुक्रवार को सीतापुर जनपद के ग्राम मंगरैलगढ़ पहुंचे। यहां उन्होंने अधिकारियों सहित आम पेड़ के नीचे चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। सरपंच, पंच समूह की महिलाएं तथा ग्रामीणों ने उन्हें अपनी समस्या बताई व कुछ मांगें रखी। समूह की महिलाओं की मांग पर ग्राम भुसु में कोल्ड स्टोरेज, कलस्टर हॉल निर्माण, मंगरैलगढ़ मंदिर परिसर में सामुदायिक शौचालय, सहनपुर व खड़ादोरना सरपंच के मांग पर मिडिल व प्राथमिक शाला भवन मरम्मत कार्य हेतु प्रस्ताव देने के प्रभारी सचिव द्वारा निर्देश दिए गए। वहीं थाने पहुंचे प्रमुख सचिव ने थानेदार की कुर्सी संभाली और रोजनामचा सहित अन्य रिकार्ड व थाने के कक्षों का अवलोकन किया।
प्रभारी सचिव ने गोठन प्रबंधन समिति के सदस्यों एवं स्व सहायता समूह को महिलाओं से गोठान में चल रहे विभिन्न गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने गोठान में सब्जी की खेती व रीपा के तहत औद्योगिक इकाई को ठीक से संचालित करने कहा। उन्होंने गांव में पेयजल की समस्या, राजस्व प्रकरण, पटवारी संबंधित कार्य, स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र भवन की स्थिति तथा स्कूल एवं शिक्षकों की उपस्थिति के बारे में पूछताछ की। इस दौरान एक ग्रामीण द्वारा राशन कार्ड बनाने तथा एक अन्य हितग्राही द्वारा व्यक्तिगत शौचालय की मांग की गई। प्रभारी सचिव ने हितग्राहियों की समस्या का निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर संजीव कुमार झा, पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार लंगेह, जनपद सीईओ संजय कुमार मरकाम सहित अन्य अधिकारी और ग्रामीण मौजूद थे।
मंगारी गोठान का निरीक्षण-
प्रभारी सचिव मनोज कुमार पिंगुआ ने बतौली जनपद के मंगारी गोठान का निरीक्षण किया। यहां महिलाओं द्वारा संचालित मुर्गीपालन, लैयर, बटेर पालन, वर्मी खाद निर्माण, बाड़ी विकास आदि कार्य किया जा रहा है। गोठान से अब तक 3 लाख 59 हजार रुपये की आमदनी प्राप्त हुई है।
एनडीपीएस के बंदी से की पूछताछ-
सीतापुर भ्रमण के दौरान प्रभारी सचिव मनोज कुमार पिंगुआ ने सीतापुर थाने का भी निरीक्षण किया। उन्होंने थाना प्रभारी की सीट पर बैठकर रोजनामचा पंजी, बादी पंजी का अवलोकन किया और क्षेत्र में बादी गिरोह की जानकारी ली। उन्होंने थाना शुरू होने के समय रोजनामचा लिखने की प्रक्रिया का भी अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने विवेचना कक्ष, बंदी गृह, शस्त्रागार, रिकार्ड रूम का भी अवलोकन किया। एनडीपीएस एक्ट के तहत एक आरोपित को कारागार में बंदी बनाया गया था। उन्होंने बंदी से पूछताछ की, बंदी ने गांजा बेचने की बात कही।
प्रभारी सचिव की आम के पेड़ के नीचे लगी चौपाल, कोल्ड स्टोरेज सहित कई मांगे हुई पूरी हुई सीतापुर थाना पहुंचे गृह एवं जेल विभाग के प्रमुख सचिव ने संभाली थानेदार की कुर्सी

Leave a reply