अंबिकापुर। पिरामल स्वास्थ्य सरगुजा का जिले में 100 दिनों तक आश्वासन कैंपेनिंग चलेगा। इसी क्रम में टीबी संक्रमण की कड़ी को तोडऩे हेतु पिरामल स्वास्थ्य सरगुजा के जागरूकता रथ को मेडिकल कॉलेज अस्पताल स्थित क्षय विभाग से रेडक्रास सोसायटी के चेयरमैन एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष आदित्येश्वर शरण सिंहदेव, महापौर डॉ.अजय तिर्की, स्वास्थ्य विभाग के ज्वाइंट डायरेक्टर डॉ.पीएस सिसोदिया, अस्पताल अधीक्षक डॉ.लखन सिंह, क्षय रोग अधिकारी डॉ.शैलेन्द्र गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पिरामल स्वास्थ्य सरगुजा और जिला क्षय नियंत्रण केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में आश्वासन कैंपेनिंग के अंतर्गत पिरामल स्वास्थ्य सरगुजा के कार्यकर्ता विकासखंड के सभी गांवों में जागरूकता के लिए बैठक करेंगे तथा संभावित टीबी मरीज के सेंपल को डीएमसी तक पहुंचाने का कार्य करेंगे, जिससे टीबी मरीज का जांच व उपचार हो सके।
उद्घाटन समारोह के दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए ज्वाइंट डायरेक्टर व मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.पीएस सिसोदिया ने कहा कि टीबी का उपचार व जांच सभी स्वास्थ्य कंेद्रों में निश्शुल्क किया जाता है। उन्होंने कहा कि सरगुजा में फिलहाल 286 टीबी के एक्टिव मरीज हैं, 41 गांव क्षय मुक्त हो चुके हैं। बुधवार से शुरू यह अभियान 520 गावों में जाकर पिरामल स्वास्थ्य टीम को जागरूक करेगी। पिरामल स्वास्थ्य सरगुजा के जिला पर्यवेक्षक समाज सेवी मंगल पांडेय ने कहा कि पिरामल स्वास्थ्य सरगुजा की टीम को जिला क्षय नियंत्रण केंद्र के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सतत मार्गदर्शन एवं सहयोग मिल रहा है, जिससे टीम उत्साहित होकर कार्य करेगी। यह अभियान जनजातीय मंत्रालय एवं स्वास्थ्य मंत्रालय के दिशा-निर्देश एवं मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सरगुजा एवं जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी सरगुजा द्वारा संबंधित विभागों एवं प्रतिनिधियों को पिरामल स्वास्थ्य की टीम को सहयोग हेतु पत्र जारी किया जा चुका है। कार्यक्रम का संचालन डॉ.अमीन फिरदौसी व आभार प्रदर्शन चिकित्सा अधीक्षक डॉ.लखन सिंह ने किया। इस दौरान भूतपूर्व पार्षद मो.इस्लाम, क्षय रोग नियंत्रण केंद्र के अधिकारी-कर्मचारी, टीबी मितान, स्वैच्छिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं पिरामल स्वास्थ्य के सभी विकासखंडों के कम्यूनिटी मोबलाइजर एवं पैरामेडिकल स्टॉफ सहित अन्य मौजूद थे।
संभावित टीबी के मरीजों का होगा सेंपल जांच-आदित्येश्वर
रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन एवं जिला पंचायत के उपाध्यक्ष आदित्येश्वर शरण सिंहदेव ने कहा कि सरगुजा को क्षय मुक्त करने की दिशा में पिरामल स्वास्थ्य सरगुजा के पांच वाहनों को सरगुजा के विभिन्न ग्रामीणों क्षेत्रों में जागरूकता एवं एक्टिव केस फाइंडिंग के लिए रवाना किया गया है। इन वाहनों में पिरामल स्वास्थ्य के कर्मचारी जागरूक करने के साथ नए संभावित टीबी मरीज का सेंपल जांच कराने हेतु अस्पताल तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। अभियान का मुख्य उद्देश्य टीबी के मरीजों का समुचित इलाज एवं उनकी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ बनाना है। पिरामल स्वास्थ्य के कार्यकर्ता पूरे जोश एवं उत्साह से कार्य करेंगे, जिससे निश्चय ही सरगुजा को क्षयरोग से मुक्त करने की दिशा में सफलता मिलेगी।
प्रत्येक घंटे उपकरणों का हो रहा आधुनिकीकरण-महापौर
महापौर डॉ.अजय तिर्की ने कहा कि आज के समय में चिकित्सा के क्षेत्र में प्रत्येक घंटे उपकरणों का आधुनिकीकरण हो रहा है। उपकरणों की नई-नई तकनीकि की खोज हो रही है, लेकिन वह आधुनिक तकनीकि जनसमुदाय तक कितनी जल्दी पहुंचती है यह मायने रखता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में टीबी मरीजों के पहचान के लिए जागरूकता कार्यक्रम चलाना जरूरी है।
समुचित उपचार की होगी निगरानी-डॉ.शैलेंद्र गुप्ता
मेडिकल कॉलेज अस्पताल के जिला क्षय रोग के नोडल अधिकारी डॉ.शैलेंद्र गुप्ता ने बताया कि पिरामल स्वास्थ्य सरगुजा द्वारा 100 दिनों तक जिले में जागरूकता अभियान चलाने का लक्ष्य रखा गया है। इस दौरान टीम लोगों को जागरूक करने के साथ ही संभावित मरीजों के सेंपल लेने के बाद जांच के लिए अस्पताल तक पहुंचाएगी। इसके साथ ही टीम द्वारा मरीजों की पहचान के बाद उनके समुचित उपचार की निगरानी करेगी।
सरगुजा जिले में टीबी के 286 एक्टिव मरीज, 41 गांव हुए क्षय मुक्त-सीएमएचओ पिरामल स्वास्थ्य सरगुजा का जिले में 100 दिनों तक आश्वासन कैंपेनिंग शुरू सरगुजा को क्षयरोग मुक्त बनाने जागरुकता रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

Leave a reply