अंबिकापुर। अंबिकापुर सहित सरगुजा जिले में आग लगने की पांच घटनाएं हुई, जिसमें एक किसान का पूरा घर जलकर राख हो गया। शहर के अलग-अलग चार स्थानों पर लगी भीषण आग को बुझाने नगर सेना के अग्निरोधी दस्ते को भारी मशक्कत करनी पड़ी। घंटों प्रयास के बाद भी कुछ स्थानों में आग को पूरी तरह से बुझाने में सफलता नहीं मिल पाई है। अगर समय रहते अग्निरोधी टीम ने आग पर काबू करने का प्रयास नहीं किया होता, तो भीषण स्थिति बन सकती थी।
लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गोरता में किसान के घर में लगी भीषण आग में घर में रखा पूरा सामान, भंडारित किए गए अनाज जलकर राख हो गए। किसान के घर में लगी आग की सूचना पर अंबिकापुर से नगर सेना का अग्निरोधी दस्ता अग्निशमन वाहन के साथ ग्राम गोरता के लिए रवाना हुआ, तब तक आग वीभत्स रूप ले चुकी थी। आसपास के ग्रामीण एकजुट होकर आग बुझाने का प्रयास कर रहे थे। लगभग चार घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाने में सफलता मिली, लेकिन घर के सामान सहित कंडी, बत्ता तक सुरक्षित नहीं बचा। आग बुझाने के लिए अग्निशमन विभाग की टीम को दीवार तक काटना पड़ा। आग लगने की अन्य घटनाओं में महामाया मंदिर से लगे आक्सीजन पार्क के जंगल में लगी आग ओरिएंटल पब्लिक स्कूल परिसर तक पहुंच गई। इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दी गई। मौके पर पहुंचे अग्निरोधी दस्ते ने किसी तरह स्कूल परिसर तक दावानल का रूप ली आग को बुझाया लेकिन वाहन का पहुंच मार्ग नहीं होने के कारण वन क्षेत्र में स्थित पहाड़ का रूप लिए जंगल में लगी आग को बुझाने में उन्हें सफलता नहीं मिल पाई। आग पुन: स्कूल परिसर से लगे वन सीमा तक पहुंचकर भभक रही थी। स्कूल प्रबंधन ने एहतियात बतौर कर्मचारियों को आग की निगरानी में लगाया था, ताकि किसी प्रकार की क्षति की स्थिति न बनने पाए। इसी क्रम में प्रतापपुर रोड में सीसीएफ कार्यालय के सामने वन विभाग परिसर से लगे भवन से लगे पेड़ों व सूखे पत्तों में लगी आग से खतरे की बनी स्थिति को देखते हुए अग्निशमन विभाग को इसकी सूचना दी गई। सूचना पर लगभग ढाई बजे मौके पर अग्निरोधी टीम मौके पर पहुंची और सीसीएफ कार्यालय परिसर के करीब व निजी भूमि पर कई एकड़ भूमि में सूखी झाडिय़ों में लगी आग को बुझाया। वन विभाग के कार्यालयीन परिसर में काष्ठागार और तेंदूपत्ता गोदाम भी स्थित है। समय रहते आग पर काबू नहीं पाने की स्थिति में बड़ी घटना हो सकती थी। संजय पार्क के सामने भी सूखी झाडिय़ों व पत्तों में लगी आग को अग्निरोधी दस्ते ने बुझाया।
लखनपुर क्षेत्र के ग्राम गोरता में आग से किसान का घर जलकर खाक हुआ शहर के चार अलग-अलग स्थलों में लगी आग को बुझाने अग्निशमन विभाग की टीम करती रही मशक्कत

Leave a reply