samvaad
छत्तीसगढ़

श्री राम भक्त हनुमान के जन्म उत्सव पर मंदिरों में उमड़ी भीड़


अंबिकापुर। शहर के स्कूल रोड में स्थित हनुमान मंदिर में शनिवार को प्रभु श्रीराम भक्त हनुमान का जन्म उत्सव धूमधाम से मनाया गया। अखंड रामायण पाठ का आयोजन किया गया। विविध धार्मिक कार्यक्रम के साथ विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया। हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर हजारों की संख्या में पहुंचे भक्तों ने मंदिरों में पूजा-पाठ कर सुख-शांति की कामना की। हनुमान मंदिर समिति द्वारा भक्तों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो, इसकी पूरी व्यवस्था की गई थी।
समिति के कार्यकर्ताओं ने बताया कि हनुमान मंदिर में बीते 17 वर्षों से हनुमान जयंती पर भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। कोरोना महामारी की वजह से बीते दो सालों से मंदिर बंद थे। संक्रमण कम होने के बाद मंदिरों के पट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं, इसे लेकर भक्तों में काफी उत्साह है। शहर के हनुमान मंदिर में दस हजार से अधिक श्रद्धालु पूजा-पाठ करने व भंडारे का प्रसाद ग्रहण करने पहुंचते हैं। देश शाम तक मंदिर में श्रद्धालु पूजार्चना के लिए पहुंचे और भंडारा का प्रसाद ग्रहण किया।
सीतापुर में भगवान हनुमान के विशाल प्रतिमा की प्राणप्रतिष्ठा
आदर्शनगर सीतापुर में स्थित सिंचाई कॉलोनी में नवनिर्मित भगवान श्री हनुमान की विशालकाय प्रतिमा का प्राण-प्रतिष्ठा के साथ नगर में श्री हनुमान का जन्म उत्सव भक्तिभाव से परिपूर्ण माहौल में मनाया गया। प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा से पहले यहां अखंड रामायण का आयोजन किया गया। अखंड रामायण के बाद पुरोहितों ने पूरे विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ भगवान हनुमान की विशाल प्रतिमा का प्राण प्रतिष्ठा कराया। इसके बाद शोभायात्रा निकाली गई, जो नगर भ्रमण के साथ आदर्शनगर जाकर समाप्त हुई। भक्तजनों के लिए भंडारे का आयोजन किया गया था, जिसमें काफी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।
हनुमान वाटिका में भी रहा भक्तिमय माहौल-
सीतापुर में नया बस स्टैंड के पास स्थित श्री हनुमान वाटिका में भी भगवान हनुमान का जन्म उत्सव भक्तिभाव से मनाया गया। इस अवसर पर यहां अखंड रामायण पाठ के साथ विशाल भंडारे का आयोजन किया गया था, काफी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया।

Leave a Reply