अंबिकापुर। आजाद सेवा संघ के प्रदेश सचिव रचित मिश्रा की उपस्थिति में संघ के छात्र मोर्चा के जिला अध्यक्ष प्रतीक गुप्ता के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला को ज्ञापन सौंपकर सरगुजा जिले को नशामुक्त बनाने के लिए पहल करने की मांग की गई है। पुलिस के द्वारा नशे व नशेडिय़ों के मांद तक जाने की पूरी कोशिश की गई है लेकिन अवैध नशे के कारोबार की जड़ इतनी फैल गई है कि इसे आसानी से समूल नष्ट करना आसान नहीं है।
इसी क्रम में आजाद सेवा संघ ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर अंबिकापुर शहर सहित सरगुजा जिले में आए दिन शराब व नशीली दवाओं व इंजेक्शन के सेवन में युवाओं की संलिप्तता से उनके भविष्य व परिवार पर पड़ रहे प्रभाव को लेकर चिंता व्यक्त की। बताया गया कि कुछ स्थानों को नशापान करने के लिए अड्डा बनाकर रखा गया। शहर में पीजी कॉलेज मैदान व हॉकी ग्राउंड, चंबोथी तालाब बरेजपारा, पॉलीटेक्निक कॉलेज ग्राउंड, सांडबार मंदिर मार्ग, बांसबाड़ी गोधनपुर ऐसे स्थल हैं जहां नशे की अवस्था में लोग रास्ते से आने-जाने वाली महिलाओं पर अभद्र कमेंट करते हैं। अगर इन्हें कोई समझाने या रोकने की कोशिश करे तो हाथापाई कर जानलेवा हमला करने जैसी घटनाएं कब हो जाएं कहना मुश्किल होता है। आजाद सेवा संघ के द्वारा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महोदय से उक्त स्थानों पर पेट्रोलिंग करवाने का आग्रह किया गया, जिस पर उन्होंने सभी चिन्हांकित जगहों पर पेट्रोलिंग बढ़ाने का आश्वासन दिया है। ज्ञापन देते वक्त संभागीय प्रवक्ता अनुराग तिवारी, संभागीय महासचिव गणेश मिश्रा, गल्र्स विंग की अध्यक्ष संगीता शांडिल्य, जिला उपाध्यक्ष आनंद पटेल, अमन गुप्ता, अतुल गुप्ता, रवि गुप्ता, नगर अध्यक्ष पवन मिश्रा उपस्थित रहे।
शराब, नशीली दवाओं व इंजेक्शन से युवाओं का भविष्य और घर-परिवार हो रहा बर्बाद अंबिकापुर सहित सरगुजा को नशामुक्त बनाने की पहल के लिए आजाद सेवा संघ ने एएसपी को सौंपा ज्ञापन

Leave a reply