दतिमा मोड़। जिला पंचायत सदस्य व स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग की सभापति दुर्गा संतोष सारथी ने डीपीओ व सीडीपीओ के ऊपर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का सही ढंग से संचालन नहीं करने का आरोप लगाते हुए उनको हटाने की मांग की है।
सूबे के मुख्यमंत्री जिले के एक दिवसीय प्रवास पर थे, इस दौरान जिपं सदस्य ने उनसे मुलाकात की और जिला महिला बाल विकास अधिकारी चंद्रवेश सिंह सिसोदिया व भैयाथान के महिला बाल विकास अधिकारी गौरव सिंह गहरवार पर शासन के महत्वपूर्ण योजनाओं की सही क्रियान्वयन नहीं कराने का आरोप लगाते हुए बताया कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह में निर्धन कन्याओं को उपहार स्वरूप समान का वितरण सही ढंग से नहीं किया गया है। आंगनबाड़ी में बर्तन वितरण भी नहीं किया गया है, जिससे कार्यकर्ता अपने घर से बर्तन लाकर काम चला रहे हैं। आंगनबाड़ी केंद्रों के रंग-रोगन हेतु छह हजार रुपये प्रति आंगनबाड़ी केंद्र शासन के द्वारा दिया गया था, जिसमें आंगनबाड़ी केंद्र के सामने दीवाल को पोताई कराकर बिना बिल वाउचर के राशि का आहरण कर पैसे का बंदरबाट कर लिया गया, इसकी शिकायत के बाद भी मनमाने तरीके से राशि आहरण किया गया। बच्चों के लिए गर्म भोजन का संचालन डीपीओ एवं सीडीपीओ के माध्यम से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा संचालित किया जाता है, जो महज कागजों पर हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि सीडीपीओ ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के हौसले इतने बुलंद हैं कि कोई भी जनप्रतिनिधि यहां जांच करने जाए तो चप्पल से मारने की धमकी दी जाती है। उन्होंने कहा है कि अधिकारी द्वय के मनमानी रवैये से शासन की योजनाओं का धरातल पर समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा है।
Leave a reply
