अंबिकापुर। सूरजपुर जिले के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में आठ अपै्रल की रात को शराब के नशे में पति ने पत्नी की बेदम पिटाई कर दी, इससे महिला बेहोश हो गई। उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था, यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार कलावती पति अमलेश्वर सिंह 25 वर्ष सूरजपुर जिले के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के ग्राम तारकेश्वरपुर की रहने वाली थी। आठ अपै्रल की रात को कलावती का पति अमलेश्वर शराब सेवन कर घर पहुंचा और किसी बात को लेकर पत्नी की जमकर पिटाई कर दिया, जिसमें वह लहूलुहान हो गई थी। इस दौरान अमलेश्वर के पिता ने बीच-बचाव किया पर वह पत्नी को पीटते रहा। पिटाई से जब उसकी पत्नी बेहोश हो गई तो उसे वहीं छोड़कर भाग गया। दूसरे दिन वह अपनी साली को फोन करके जल्दी बहन के ससुराल आने के लिए कहा और बताया कि मारपीट के बाद उसकी पत्नी बिस्तर में सोई है। कलावती की बहन जब पहुंची तो उसकी बहन बिस्तर में पड़ी हुई थी, कुछ बातचीत नहीं कर रही थी। उसे क्षेत्रीय अस्पताल लेकर स्वजन पहुंचे, यहां से रेफर करने पर उसे इलाज के लिए सूरजपुर अस्पताल लाया गया। चिकित्सकों ने उसकी स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है घटना के बाद से मृतिका का पति फरार है। इसकी सूचना प्रेमनगर थाना पुलिस को दे दी गई है।
Leave a reply
